Home > उत्तर प्रदेश > Gram Pradhan Protest: बाराबंकी में ग्राम प्रधानों का शक्ति प्रदर्शन, कार्यकाल बढ़ाने की मांग; DM को सौंपा ज्ञापन

Gram Pradhan Protest: बाराबंकी में ग्राम प्रधानों का शक्ति प्रदर्शन, कार्यकाल बढ़ाने की मांग; DM को सौंपा ज्ञापन

Barabanki News: ग्राम प्रधानों ने कहा कि कार्यकाल बढ़ाने से ग्रामीण जनता का सरकार पर विश्वास और मजबूत होगा तथा विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी.

By: Shubahm Srivastava | Published: April 30, 2026 10:05:44 PM IST



Gram Pradhan Protest: रामनगर विकासखंड के ग्राम प्रधानों को एकजुट कर प्रधान संघ के अध्यक्ष रामकुमार मिश्र ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा. इस दौरान सैकड़ों ग्राम प्रधानों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर ग्राम पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग उठाई और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया.

राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के बैनर तले रामनगर, बनीकोडर, फतेहपुर, हैदरगढ़, सिरौलीगौसपुर और सूरतगंज सहित विभिन्न ब्लॉकों के प्रधानों ने अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा. इस दौरान नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत भी किया गया.

जिलाध्यक्ष ने पंचायत चुनाव को लेकर क्या कहा?

जिलाध्यक्ष रामकुमार मिश्र ‘बब्बू’ ने बताया कि प्रदेश में ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 और 19 जुलाई 2026 को समाप्त हो रहा है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण, ओबीसी आरक्षण के लिए ट्रिपल टेस्ट और समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन में हो रही देरी के चलते समय पर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं है.

उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में निर्वाचित प्रतिनिधियों को हटाकर प्रशासक नियुक्त करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत होगा. संगठन की मांग है कि चुनाव संपन्न होने तक वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए, जिससे गांवों में चल रहे विकास कार्य प्रभावित न हों.

ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला 

ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया कि स्थानीय निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति केवल विशेष परिस्थितियों में ही की जानी चाहिए. साथ ही मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए बताया गया कि इन राज्यों में भी विपरीत परिस्थितियों में निर्वाचित प्रतिनिधियों को ही जिम्मेदारी सौंपी गई थी.

ग्राम प्रधानों ने कहा कि कार्यकाल बढ़ाने से ग्रामीण जनता का सरकार पर विश्वास और मजबूत होगा तथा विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी. साथ ही यह निर्णय आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण साबित होगा. इस मौके पर प्रदेश सचिव रमाकांत मौर्य समेत विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे.

Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Advertisement