Ballia double murder: बलिया. उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नगर थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में बीती रात एक दामाद ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और सास की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
विवाद ने लिया खूनी रूप
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अमित कुमार गुप्ता, जो गढ़वार थाना क्षेत्र के सिंहचौर का रहने वाला है, रात में अपने ससुराल पहुंचा था. किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया और आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया. जब पत्नी को बचाने के लिए सास सुशीला देवी और ससुर आगे आए, तो आरोपी ने उन पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस हमले में पत्नी और सास की मौके पर ही मौत हो गई. घायल ससुर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है.
पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. घटनास्थल पर स्वाट टीम, सर्विलांस और फील्ड यूनिट के साथ क्षेत्राधिकार अधिकारी भी मौजूद रहे. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer – The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.