Bahraich women constable: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक महिला पुलिस आरक्षी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना से पहले उन्होंने अपने मोबाइल फोन से किसी अज्ञात व्यक्ति को एक मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था, “अब मैं जा रही हूं.” इस मैसेज के सामने आने के बाद पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
कोर्ट ड्यूटी से लौटने के बाद हुई घटना
जानकारी के अनुसार, बहराइच जिले के हुजूरपुर थाने में तैनात 25 वर्षीय महिला पुलिस आरक्षी ज्योति पासवान की ड्यूटी एक किशोरी को सेशन कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए ले जाने में लगी थी. वह अपना कार्य पूरा कर दोपहर बाद किशोरी के साथ वापस लौटीं और थाने में अपनी आमद दर्ज कराई. आमद दर्ज कराने के बाद वह अपने कमरे में चली गईं. इसके कुछ समय बाद उनके द्वारा उठाए गए कदम ने सभी को स्तब्ध कर दिया.
मोबाइल से भेजा आखिरी मैसेज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमरे में जाने के बाद ज्योति का किसी से फोन पर बातचीत हुई थी. बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ. इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल फोन से किसी व्यक्ति को एक मैसेज भेजा, जिसमें केवल इतना लिखा था—“अब मैं जा रही हूं. यह मैसेज अब जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मैसेज किसे भेजा गया था और उसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं.
कमरे में मिला शव
काफी देर तक जब ज्योति के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो अन्य पुलिसकर्मियों को चिंता हुई. साथियों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया. अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. महिला आरक्षी का शव कमरे में लगे पंखे से लटका हुआ मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
2019 बैच की आरक्षी थीं ज्योति
मृतक महिला आरक्षी ज्योति पासवान वर्ष 2019 बैच की पुलिसकर्मी थीं. वह मूल रूप से कानपुर नगर के गोविंदपुर क्षेत्र की रहने वाली थीं, जबकि उनका पैतृक गांव महराजगंज जिले में बताया गया है. पुलिस विभाग में उनकी पहचान एक जिम्मेदार कर्मी के रूप में की जाती थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी. पुलिस मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, मैसेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर महिला आरक्षी ने यह कदम क्यों उठाया.
जांच के केंद्र में आखिरी मैसेज
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला आरक्षी ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया और उनका आखिरी मैसेज किस व्यक्ति को भेजा गया था. जांच अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.