Amethi news: अमेठी में जामों ब्लॉक सभागार में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भोजन की गुणवत्ता को लेकर उठा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है. खराब भोजन की शिकायत करने वाले शिक्षकों पर प्रशासनिक कार्रवाई और मीडिया कर्मियों पर मुकदमा दर्ज किए जाने से मामला और अधिक गरमा गया है.
13 शिक्षकों को नोटिस
जानकारी के अनुसार, बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सहित 13 शिक्षकों को नोटिस जारी किया है. इनमें शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राम ललन दुबे और शिक्षक ओम नारायण पांडेय प्रमुख रूप से शामिल हैं. दोनों शिक्षकों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर मीडिया से अपनी बात साझा की थी.
शिक्षक ओम नारायण पांडेय निलंबित
मामले में शिक्षक ओम नारायण पांडेय को निलंबित कर बहादुरपुर से संबद्ध किए जाने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, उनका कहना है कि उन्हें अब तक न तो निलंबन का कोई आधिकारिक आदेश मिला है और न ही संबद्धीकरण का पत्र. उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई की जानकारी उन्हें समाचार पत्रों के माध्यम से मिली.
शिकायत वापस लेने का दबाव का आरोप
ओम नारायण पांडेय ने आरोप लगाया कि खंड शिक्षा अधिकारी जामों, शोभनाथ यादव ने फोन पर उनसे शिकायत वापस लेने और माफी मांगने का दबाव बनाया. उनका कहना है कि माफी मांगने से इनकार करने के बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई.
मीडिया कर्मियों पर भी दर्ज हुआ मुकदमा
उधर, तहसीलदार गौरीगंज की तहरीर पर कुछ मीडिया कर्मियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है. प्रशासन का कहना है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में परोसा गया भोजन गुणवत्तापूर्ण था, लेकिन उसे खराब बताकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया गया, जिससे शासन और प्रशासन की छवि धूमिल हुई. गौरतलब है कि जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिक्षकों ने खुलकर विरोध जताया था. इसके बाद से यह मामला जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रशासनिक कार्रवाई के बाद शिक्षक संगठनों और मीडिया जगत में भी नाराजगी देखी जा रही है. मामले को लेकर विरोध और बयानबाजी तेज हो गई है.
Disclaimer : The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.