Agra Paliwal Murder Case: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी. हत्या की वजह जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. इस मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. आगरा के पालीवाल पार्क में युवक का सिर कूच कर हत्या की गई थी. थाना हरी पर्वत पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अमूलराव वानखेडे को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने बताया कि मृतक सोनू उसकी पत्नी पर बुरी नीयत रखता था, इसके चलते ही उसने हत्या की.
पुलिस ने बताया कि पालीवाल पार्क के पास बस्ती में रहने वाले सोनू का शव रविवार सुबह मिला था. सिर पर चोट के निशान थे. परिजनों ने बताया था कि शनिवार को सोनू को उसके दोस्त अमूलराव के साथ शराब के ठेके पर देखा था. इसके बाद सोनू घर वापस नहीं आया था. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
आरोपी ने सोनू को पिलाई थी शराब
इसके बाद आरोपी अमूलराव से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करने की बात कबूली. उसने बताया कि मृतक सोनू उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता था. वो पत्नी पर अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था. इसी बात को लेकर आरोपी के मन में रंजिश थी. पुलिस जांच में सामने आया कि अमूलराव ने योजना के तहत सोनू को शराब पिलाई और फिर उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी.
परिजनों के साथ सोनू को तलाश रहा था आरोपी
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को शक से बचाने के लिए चालाकी दिखाई और परिजनों के साथ मिलकर सोनू की तलाश में जुट गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो. पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल और शराब की बोतल भी बरामद कर ली है.
ये भी पढ़ें:- एक करोड़ की शादी के बाद भी जारी रही दहेज की मांग, विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति और ससुर हिरासत में