भारत के सितंबर में प्रस्तावित बांग्लादेश दौरे को लेकर पॉजिटिव संकेत मिलने लगे हैं. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने 30 जुलाई को सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर भारत के साथ सरकारी स्तर पर बातचीत शुरू करने का अनुरोध किया. इस बैठक में बीसीबी की सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सईद इब्राहिम भी मौजूद रहे. दोनों ने बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम से मुलाकात कर कहा कि भारत को यह भरोसा दिलाया जाए कि बांग्लादेश इस सीरीज की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है.
रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीबी को अभी तक भारत की ओर से इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं मिली है. सितंबर में भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे पर तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने हैं. इससे पहले 29 जुलाई को तमीम इकबाल ने कहा था कि उन्हें इस सीरीज के होने की उम्मीद है, लेकिन अंतिम फैसला क्रिकेट बोर्ड के हाथ में नहीं है. उन्होंने संकेत दिया कि इस मामले में दोनों देशों की सरकारों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी.
कूटनीतिक रिश्तों से बढ़ी सीरीज की उम्मीद
यह सीरीज पहले 2024 में होनी थी, लेकिन बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था. बाद में इसे 2025 के लिए टाल दिया गया, लेकिन दोनों देशों के रिश्तों में तनाव के चलते मामला आगे नहीं बढ़ सका. अब हाल के कूटनीतिक घटनाक्रमों के बाद एक बार फिर इस सीरीज के आयोजन की उम्मीद बढ़ गई है. खबर है कि भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को सितंबर में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है.
बीसीबी अंतिम फैसले का कर रहा इंतजार
इसी बीच बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान ने कहा है कि भारत और बांग्लादेश ने आपसी हितों और समान संप्रभुता के आधार पर द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है. दूसरी ओर, बीसीबी अभी तक अपनी एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाया है. बोर्ड ने मूल्यांकन का काम पूरा कर लिया है, लेकिन अंतिम फैसला भारत के दौरे को लेकर हरी झंडी मिलने के बाद ही लिया जाएगा. ऐसे में आने वाले दिनों में इस बहुप्रतीक्षित क्रिकेट सीरीज पर बड़ा अपडेट सामने आ सकता है.