Wifi Tips: आज के दौर में इंटरनेट हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है और इसके लिए Wi-Fi Router सबसे जरूरी डिवाइसों में से एक है। घर हो या ऑफिस, ज्यादातर लोग बेहतर कनेक्टिविटी के लिए राउटर को दिन-रात चालू रखते हैं. लेकिन लगातार इस्तेमाल होने वाले इस उपकरण को लेकर कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या ये भी अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों की तरह आग पकड़ सकता है या फट सकता है? हालांकि ऐसे मामले बेहद दुर्लभ हैं, लेकिन कुछ परिस्थितियों में राउटर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकता है.
क्या Wi-Fi Router में ब्लास्ट होने का खतरा होता है?
Wi-Fi Router के फटने की संभावना बहुत कम होती है, क्योंकि इसमें एयर कंडीशनर जैसी भारी मशीनरी या हाई-पावर सिस्टम नहीं होता. फिर भी यह एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस है, जिसमें सर्किट बोर्ड, चिप्स और पावर एडॉप्टर जैसे कई घटक मौजूद रहते हैं. यदि इनमें किसी प्रकार की तकनीकी खराबी आ जाए या बिजली आपूर्ति में समस्या हो तो डिवाइस गर्म होकर नुकसान पहुंचा सकता है.
किन वजहों से बढ़ सकता है खतरा?
राउटर को लगातार बिजली मिलने के कारण उसके अंदर मौजूद इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स गर्म होते रहते हैं. यदि डिवाइस की गुणवत्ता खराब हो, बिजली का वोल्टेज बार-बार बदलता रहे या उसे पर्याप्त हवा न मिल रही हो, तो ओवरहीटिंग की समस्या पैदा हो सकती है. लंबे समय तक ज्यादा तापमान रहने पर शॉर्ट सर्किट, धुआं निकलने या आग लगने जैसी घटनाएं हो सकती हैं.
ओवरहीटिंग बन सकती है बड़ी परेशानी
अक्सर लोग राउटर को ऐसी जगह रख देते हैं जहां हवा का सही प्रवाह नहीं होता. टीवी के पीछे, बंद कैबिनेट में या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के ऊपर रखा गया राउटर ज्यादा गर्म हो सकता है. यदि डिवाइस सामान्य से ज्यादा गर्म महसूस होने लगे, इंटरनेट बार-बार कटने लगे या उसमें से जलने जैसी गंध आने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ये संकेत बताते हैं कि राउटर पर ज्यादा दबाव पड़ रहा है.
राउटर को सेफ रखने के आसान उपाय
राउटर की सेफटी के लिए उसे हमेशा खुली और हवादार जगह पर रखें ताकि गर्मी आसानी से बाहर निकल सके. डिवाइस के ऊपर कोई भारी सामान न रखें और समय-समय पर उसकी सफाई करते रहें. बिजली के उतार-चढ़ाव से बचाव के लिए सर्ज प्रोटेक्टर का इस्तेमाल करना भी फायदेमंद हो सकता है. यदि राउटर या उसका एडॉप्टर बहुत पुराना या खराब हो चुका है, तो उसे बदल देना बेहतर रहेगा.