Whatsapp Username Feature: हाल ही में मेटा ने अपने WhatsApp मैसेंजर ऐप के लिए बड़ा अपडेट दिया है. दरअसल, व्हाट्स एप में अब लोग यूजरनेम रिजर्व कर पाएंगे. मेटा ने सोमवार से दुनियाभर के यूजर्स के लिए यह फीचर शुरू कर दिया है. इस प्राइवेसी फीचर से अब यूजर्स के मोबाइल नंबर की प्राइवेसी की सुरक्षा बनी रहेगी. इस फीचर के लॉन्च होने से पहले ही लोगों के मन में चिंता बढ़ रही है. दरअसल, व्हाट्सएप के इस नए फीचर को टेलिग्राम से जोड़कर देखा जा रहा है कि कहीं Whatsapp Username भी टेलीग्राम की तरह धोखाधड़ी का जरिए तो नहीं बन जाएगा.
माना जा रहा है कि यूजरनेम के जरिए नाम छिपाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा सकती है. टेलीग्राम में पहले से ही ऐसा फीचर मौजूद है, जो स्कैम आदि में इस्तेमाल किया जा सकता है.
प्राइवेसी को लेकर जताई जा रही चिंता
लोगों द्वारा व्हाट्सएप के यूजरनेम वाले फीचर पर प्राइवेसी को लेकर चिंता जाहिर की जा रही है. माना जा रहा है कि यह लोगों को प्राइवेसी में दखल दे सकता है. अब यूजरनेम स्कैमर और फ्रॉड करने वाले लोगों को अपनी गलत पहचान बताने या पहचान छिपाने का मौका मिल जाएगा, जिससे फ्रॉड करना और भी आसान हो सकेगा. कई लोग इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने के साथ ही यह भी शिकायत कर रहे हैं कि इसके अलावा यह फीचर जांच एजेंसियों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर सकता है. इस फीचर को लेकर माना जा रहा है कि लोग गलत पहचान बताकर गलत काम या साइबर क्राइम को भी अंजाम दे सकते हैं.
WhatsApp ने कही ये बात
WhatsApp के यूजरनेम को लेकर इस तरह की बातें चर्चा में रहने के बीच व्हाट्सएप ने इस फीचर की सुरक्षा को लेकर बयान दिया है. व्हाट्सएप के मुताबिक यह फोन नंबर को रिप्लेस नहीं करेगा. रजिस्ट्रेशन के लिए अभी भी फोन नंबर की जरूरत पड़ेगी. कंपनी ने कहा कि इस फीचर में सुरक्षा की कई परतें शामिल की गई हैं. username keys के जरिए लोग आप तक पहुंच पाएंगे. एक ही अकाउंट से कई लोगों को रीच आउट नहीं किया जा सकेगा. इसपर लिमिट तय की गई है, जिससे इसका गलत इस्तेमाल नहीं होगा.