69
WhatsApp Username Feature: WhatsApp ने साफ किया है कि उसका आने वाला यूजरनेम फीचर यूजर्स के लिए ऑप्शनल होगा और इसमें किसी और का रूप धरने (impersonation), स्कैम और अनचाहे कॉन्टैक्ट को रोकने के लिए कई सिक्योरिटी उपाय शामिल होंगे. इस फीचर को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद Meta के मालिकाना हक वाले इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ने X पर अक्सर पूछे जाने वाले कई सवालों के जवाब दिए.
खास बात यह है कि भारत सरकार ने कंपनी से कहा था कि जब तक बातचीत पूरी न हो जाए, तब तक इस फीचर को देश में लॉन्च न किया जाए. कंपनी इस साल के आखिर में इस फीचर को बड़े पैमाने पर रोलआउट करने की तैयारी कर रही है.
WhatsApp यूजर्स को फेक पहचान और स्कैम से कैसे बचाएगा?
WhatsApp के अनुसार, यूजर्स को यूजरनेम बनाने की जरूरत नहीं होगी. प्लेटफ़ॉर्म ने मौजूदा Instagram और Facebook अकाउंट से जुड़े यूजरनेम साथ ही मशहूर हस्तियों, सरकारी संस्थाओं और Meta वेरिफाइड अकाउंट के यूजरनेम को रिजर्व करके रखा है ताकि यह पक्का किया जा सके कि सिर्फ उनके असली मालिक ही उन पर अपना दावा कर सकें.
कंपनी ने उन ऑनलाइन अफवाहों को भी खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि कोई भी मशहूर यूजरनेम रिजर्व कर सकता है. कंपनी ने साफ किया है कि मशहूर हस्तियों या उनसे मिलते-जुलते नामों वाले यूजरनेम पर सिर्फ उनके असली मालिक ही दावा कर पाएंगे.
जब यह फीचर इस साल के आखिर में लॉन्च होगा, तो अनजान यूजरनेम से आए मैसेज का जवाब देने का फैसला करने से पहले यूजर्स को कुछ जानकारी दिखाई जाएगी. इसमें भेजने वाले का देश, क्या अकाउंट नया है और क्या वे किसी कॉमन ग्रुप में हैं जैसी जानकारी शामिल होगी.
WhatsApp ने यह भी कहा कि यूजरनेम को फोन नंबर की तरह सर्च नहीं किया जा सकेगा. इसके अलावा यूजर्स के पास “यूजरनेम की” (username key) चालू करने का विकल्प होगा अगर इसे चालू किया जाता है तो किसी के संपर्क करने के लिए यूजरनेम और की (key) दोनों की जरूरत होगी.
वॉट्सऐप ने दिया जवाब
Username reservations are here, as more and more people claim theirs, here’s answers to the top questions you’re asking ⬇️
Q: Are usernames mandatory?
A: Nope, they are optional.
Q: What if the username I want isn’t available?
A: There’s a few reasons you might not be able to…
— WhatsApp (@WhatsApp) July 1, 2026
भारत सरकार ने WhatsApp से क्या करने को कहा?
भारत सरकार ने WhatsApp को निर्देश दिया कि वह तीन दिनों के भीतर यूजरनेम फीचर के बारे में जानकारी दे और कंपनी से कहा कि जब तक बातचीत पूरी न हो जाए तब तक इसे लॉन्च न करे.
केंद्र सरकार ने इस नए फीचर के बारे में मेटा से विस्तृत जानकारी भी मांगी है और कंपनी से कहा है कि जब तक यह मामला सुलझ नहीं जाता तब तक भारत में यूजरनेम सुविधा लॉन्च न करे.