27
WhatsApp Update: WhatsApp अक्सर अपने यूजर्स के लिए छोटे-छोटे फीचर्स लाता रहता है, जिनसे ऐप का इस्तेमाल करना आसान हो जाता है. अब कंपनी iPhone यूजर्स के लिए ऐसा ही एक नया फीचर रोल आउट कर रही है. अगर आप WhatsApp पर अक्सर वॉइस या वीडियो कॉल करते हैं, तो यह अपडेट आपके लिए काम का हो सकता है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक WhatsApp अब एक शॉर्टकट दे रहा है जिससे आप कॉल के दौरान माइक मोड बदल सकते हैं. पहले इसके लिए iPhone का कंट्रोल सेंटर खोलना पड़ता था, लेकिन अब यह ऑप्शन सीधे WhatsApp में ही मिल जाता है. यह फीचर धीरे-धीरे रोल आउट किया जा रहा है, इसलिए सभी यूजर्स तक पहुंचने में कुछ समय लग सकता है.
क्या बदलेगा?
WABetaInfo की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह फीचर WhatsApp के iOS बीटा वर्शन 26.27.74 में देखा गया है. जब यह आपके फोन पर आ जाएगा तो कॉल के दौरान ‘More’ मेन्यू में एक नया ‘Mic Mode’ ऑप्शन दिखाई देगा. इस पर टैप करने से आपके iPhone की माइक्रोफोन सेटिंग्स खुल जाएंगी जिससे आप कॉल काटे बिना अपनी पसंद का मोड चुन सकेंगे.
ध्यान देने वाली बात यह है कि WhatsApp ने कोई नया माइक्रोफोन सिस्टम नहीं बनाया है. यह बस Apple के मौजूदा फीचर्स को तेजी से इस्तेमाल करने का एक तरीका है. एक बार जब आप ‘Mic Mode’ चुन लेते हैं, तो वह मोड बाद की WhatsApp कॉल्स के लिए भी एक्टिव रहेगा जब तक कि आप उसे खुद बदल न दें.
Mic Mode क्या है?
Apple iPhone में चार तरह के Mic Mode उपलब्ध हैं:
- वॉइस आइसोलेशन – अगर बैकग्राउंड में बहुत ज्यादा शोर है, तो यह मोड सिर्फ आपकी आवाज पर फोकस करता है ताकि दूसरी तरफ वाला व्यक्ति आपको साफ सुन सके.
- वाइड स्पेक्ट्रम – यह मोड तब काम आता है जब आप चाहते हैं कि दूसरा व्यक्ति भी आस-पास की आवाजें सुन सके जैसे कि किसी पार्टी, मीटिंग या फैमिली गैदरिंग के दौरान.
- स्टैंडर्ड – यह डिफ़ॉल्ट माइक्रोफोन मोड है जिसमें कोई खास एडजस्टमेंट नहीं होता.
- ऑटोमैटिक – iOS 18 के साथ आया यह फीचर, सिचुएशन के आधार पर अपने आप सबसे अच्छा माइक मोड तय करता है.
यह किन iPhones पर काम करेगा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक Voice Isolation और Wide Spectrum का इस्तेमाल करने के लिए आपको iOS 15 या उसके बाद के वर्शन की जरूरत होगी. ये फीचर्स iPhone XR, iPhone XS और नए मॉडल्स पर काम करेंगे. वहीं Automatic Mic Mode सिर्फ उन iPhones पर उपलब्ध होगा जिनमें iOS 18 या उससे नया वर्शन चल रहा है.
WhatsApp का यह अपडेट अभी सभी यूज़र्स तक नहीं पहुंचा है. कंपनी इसे धीरे-धीरे रोल आउट कर रही है. इसलिए अगर आपको अभी अपने iPhone पर यह फीचर नहीं दिख रहा है तो आपको आने वाले अपडेट का इंतजार करना होगा. अच्छी बात यह है कि कॉल के दौरान आपको बार-बार Control Center खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि आप सभी सेटिंग्स को सीधे WhatsApp के अंदर ही आसानी से एडजस्ट कर पाएंगे.