UPI Without Internet: आज के दौर में ज्यादातर लोग Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे ऐप्स के जरिए UPI भुगतान करते हैं. आमतौर पर इन सेवाओं के लिए इंटरनेट की जरूरत होती है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि बिना मोबाइल डेटा या Wi-Fi के भी UPI ट्रांजैक्शन संभव है.
इसके लिए NPCI ने *99# सेवा शुरू की है, जो फीचर फोन और स्मार्टफोन दोनों पर काम करती है. इस सुविधा की मदद से इंटरनेट न होने पर भी पैसे भेजे जा सकते हैं और अन्य बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाया जा सकता है.
*99# सेवा इस्तेमाल करने से पहले क्या जरूरी है?
ऑफलाइन UPI सेवा का उपयोग करने के लिए कुछ शर्तों का पूरा होना जरूरी है. सबसे पहले आपका मोबाइल नंबर बैंक खाते से लिंक होना चाहिए. उसी नंबर पर UPI सेवा सक्रिय होनी चाहिए. इसके अलावा फोन में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होना चाहिए ताकि कॉल और SMS की सुविधा सही तरह काम कर सके. इन आवश्यकताओं के पूरा होने पर आप आसानी से *99# सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं.
डायल करें *99# और चुनें Send Money
ऑफलाइन भुगतान शुरू करने के लिए मोबाइल के डायलर में *99# दर्ज कर कॉल करें. इसके बाद स्क्रीन पर कई बैंकिंग विकल्प दिखाई देंगे, जिनमें Send Money, Request Money, Check Balance और My Profile जैसे विकल्प शामिल होंगे. पैसे भेजने के लिए Send Money का विकल्प चुनना होगा. यह सेवा देश के अधिकांश प्रमुख बैंकों के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है.
ऐसे करें पैसे ट्रांसफर
Send Money चुनने के बाद आपको भुगतान का माध्यम चुनना होगा. आप UPI ID, मोबाइल नंबर या बैंक अकाउंट और IFSC कोड के जरिए पैसे भेज सकते हैं. अपनी सुविधा के अनुसार विकल्प चुनकर प्राप्तकर्ता की जानकारी दर्ज करें. इसके बाद भेजी जाने वाली राशि भरें और सभी विवरणों को एक बार ध्यान से जांच लें. कुछ बैंक लेनदेन के साथ छोटा संदेश जोड़ने की सुविधा भी देते हैं.
UPI PIN डालकर करें भुगतान पूरा
अंतिम चरण में अपना UPI PIN दर्ज करें. PIN सत्यापित होते ही ट्रांजैक्शन पूरा हो जाएगा और स्क्रीन पर सफलता का संदेश दिखाई देगा. साथ ही SMS के जरिए भी पुष्टि मिल जाएगी. ध्यान रखें कि *99# सेवा के उपयोग पर कुछ टेलीकॉम कंपनियां मामूली शुल्क ले सकती हैं. यह सुविधा केवल बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ही काम करती है. इंटरनेट उपलब्ध न होने की स्थिति में भी इससे बैलेंस चेक, पैसे भेजने और अन्य बेसिक UPI सेवाओं का लाभ आसानी से लिया जा सकता है.
ऑनलाइन दिख रहे Customer Care नंबर पर आप भी करते हैं कॉल? हो सकता है साइबर स्कैम, कैसे करें बचाव