Home > टेक - ऑटो > Helmet Cleaning Tips: हेलमट से आती है स्मेल? इन आसान तरीकों से करें साफ, दूर हो जाएगी सारी गंदगी

Helmet Cleaning Tips: हेलमट से आती है स्मेल? इन आसान तरीकों से करें साफ, दूर हो जाएगी सारी गंदगी

इसके अलावा गंदे वाइजर की वजह से सड़क साफ दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है. अच्छी बात यह है कि हेलमेट को साफ रखने के लिए किसी महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं होती है. अगर आप हेलमेट को साफ करना चाहते हैं तो घर पर भी आसानी से कर सकते हैं.

By: Kunal Mishra | Published: August 6, 2026 11:51:40 AM IST



Helmet Cleaning Tips: हेलमेट सिर्फ ट्रैफिक नियमों का पालन करने या चालान से बचने का साधन नहीं है, बल्कि यह स्कूटर और बाइक चलाने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए काफी जरूरी माना जाता है. लेकिन, अक्सर लोग हेलमेट खरीदने के बाद उसकी सफाई और रखरखाव पर बिल्कुल ध्यान नहीं देते हैं. रोजाना इस्तेमाल करने से पसीना, धूल और प्रदूषण से हेलमेट में गंदगी जम जाती है. कुछ समय बाद इसमें से तेज बदबू आने लगती है और हेलमेट पहनना भी असहज महसूस होता है. गंदा हेलमेट केवल बदबू ही नहीं फैलाता, बल्कि इसके अंदर बैक्टीरिया और फंगस भी पनप सकते हैं, जो त्वचा और सिर से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकते हैं.

इसके अलावा गंदे वाइजर की वजह से सड़क साफ दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है. अच्छी बात यह है कि हेलमेट को साफ रखने के लिए किसी महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं होती है. अगर आप हेलमेट को साफ करना चाहते हैं तो घर पर भी आसानी से कर सकते हैं. 

1. वाइजर को सही तरीके से साफ करें

देखा जाए तो हेलमेट का वाइजर काफी जरूरी होता है. वाइजर की विजिबिलिटी बढ़ानी बेहद जरूरी होती है. इस पर धूल, उंगलियों के निशान और कीड़े चिपक जाने से सड़क साफ दिखाई नहीं देती. वाइजर को साफ करने के लिए माइक्रोफाइबर कपड़ा और साफ पानी या ग्लास क्लीनर का इस्तेमाल करना सही माना जाता है. लेकिन, आपको वाइजर को बहुत ज्यादा रगड़ने से बचना चाहिए क्योंकि इससे स्क्रैच आ सकते हैं. 

2. हेलमेट के अंदरूनी पैड को निकालकर करें साफ

आमतौर पर हेलमेट की सबसे ज्यादा गंदगी उसके अंदर लगे पैड और लाइनर में जमा होती है. कई लोग हेलमेट को तो साफ करते हैं, लेकिन उसके अंदरूनी पैड को साफ करना भूल जाते हैं. यही हिस्सा सिर और चेहरे के सीधे संपर्क में रहता है, इसलिए इसमें पसीना और धूल सबसे ज्यादा जमा होती है. अगर आपके हेलमेट में रिमूवेबल पैड हैं, तो उन्हें सावधानी से निकालें और हल्के गुनगुने पानी में माइल्ड शैम्पू मिलाकर धो लें. धोने के बाद पैड को अच्छी तरह साफ पानी से निकालकर छांव में पूरी तरह सूखने दें. 

3. धूप में ज्यादा देर तक न रखें

कई लोग हेलमेट धोने के बाद उसे तेज धूप में रख देते हैं. ऐसा करने से हेलमेट के अंदर का फोम, पैड और बाहरी शेल समय से पहले खराब हो सकते हैं. सफाई के बाद हेलमेट को हमेशा छांव और हवादार जगह पर सुखाएं. इससे उसकी क्वालिटी लंबे समय तक बनी रहती है. इसलिए आपको हेलमेट की सफाई के समय इन छोटी बातों का ध्यान रखना चाहिए.

Advertisement