Home > टेक - ऑटो > Microsoft Layoffs: कंपनी ने कर दी 4,800 कर्मचारियों की छंटनी! माइक्रोसॉफ्ट ने इतने लोगों को क्यों दिखाया बाहर का रास्ता?

Microsoft Layoffs: कंपनी ने कर दी 4,800 कर्मचारियों की छंटनी! माइक्रोसॉफ्ट ने इतने लोगों को क्यों दिखाया बाहर का रास्ता?

Microsoft Chhantni: माइक्रोसॉफ्ट ने एक बार फिर AI पर बढ़ते निवेश के बीच कंपनी से बड़े पैमाने पर छंटनी का एलान किया है. खबरों के अनुसार कंपनी करीब 4,800 कर्मचारियों को बाहर निकालने वाली है. इस फैसले का सबसे ज्यादा असर एक्सबॉक्स और गेमिंग कारोबार पर पड़ेगा.

By: Shivangi Shukla | Published: July 7, 2026 12:01:24 PM IST



Microsoft Layoffs: टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) ने बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की है. जानकारी के अनुसार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में भारी निवेश, बिजनेस में घाटे और अपने बिजनेस मॉडल को नए सिरे से रीस्ट्रक्चर (पुनर्गठन) करने के कारण से कंपनी ने अपने ग्लोबल वर्कफोर्स से 2.1% यानी लगभग 4,800 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने का ऐलान किया है.

इस छंटनी की सबसे बड़ी गाज माइक्रोसॉफ्ट के मशहूर गेमिंग वर्टिकल Xbox पर गिरी है और सबसे ज्यादा कर्मचारी वहीं से निकाले गए हैं. कंपनी के इस फैसले के बाद शुरुआती कारोबारी सत्र में माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में 1.5% की गिरावट दर्ज की गई. microsoft में ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है. इससे पहले भी इसी साल माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिका में एक स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (Voluntary Retirement) प्रोग्राम भी शुरू किया था और एक-तिहाई पात्र कर्मचारियों ने इसे स्वीकार भी कर लिया था. इसी तरह पिछले साल भी कंपनी में रीस्ट्रक्चरिंग के नाम पर करीब 9,000 कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया था.

संकट में Xbox वर्टिकल 

माइक्रोसॉफ्ट के इस फैसले से सबसे ज्यादा हड़कंप गेमिंग की दुनिया में मचा है. दरअसल कंपनी अपने Xbox डिवीजन के आकार को बहुत छोटा कर रही है. Xbox की सीईओ (CEO) आशा शर्मा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 तक गेमिंग डिवीजन से कुल 3,200 पद खत्म किए जाएंगे, जिसमें से 1,600 कर्मचारियों को तुरंत हटा दिया गया है, जबकि बाकी 1,600 को अगले एक साल में चरणबद्ध तरीके से निकाला जाएगा. आशा शर्मा ने X पर इससे जुड़ा एक पोस्ट भी किया है:

4 बड़े गेमिंग स्टूडियो भी होंगे अलग  

जानकारी के अनुसार माइक्रोसॉफ्ट अपने 4 बड़े गेमिंग स्टूडियो को भी खुद से अलग कर रहा है. इसके दो प्रमुख स्टूडियो Compulsion Games और Double Fine Productions दोबारा से स्वतंत्र कंपनियां बनेंगी; वहीं दूसरी ओर अन्य दो स्टूडियो Ninja Theory और Undead Labs को नए मालिकों को सौंपने की तैयारी की जा रही है. 

माइक्रोसॉफ्ट की दलील 

कर्मचारियों को भेजे गए एक आंतरिक मेमो में माइक्रोसॉफ्ट की चीफ पीपुल ऑफिसर एमी कोलमैन (Amy Coleman) ने तेजी से बदलते तकनीकी परिदृश्य को इस छंटनी की वजह बताया. उन्होंने स्वीकार करते हुए कहा कि ऑटोमेशन और AI के कारण काम करने का तरीका बदल रहा है, लेकिन उन्होंने इस बात को खारिज किया कि नौकरियां सीधे AI की वजह से जा रही हैं.

बता दें कि यह छंटनी ऐसे समय में हो रही है जब माइक्रोसॉफ्ट का प्रदर्शन अन्य तक कंपनियों के मुकाबले काफी खराब है. कंपनी का स्टॉक इस साल 19% तक टूट चुका है. कंपनी के लिए चिंता की सबसे बड़ी बात यह है कि उसके कोर बिजनेस में कमजोरी दिख रही है. हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सर्विस Azure और प्रोफेशनल नेटवर्क LinkedIn अभी भी अच्छी ग्रोथ दिखा रहे हैं.

Advertisement