MP Bus Fare Hike: मध्य प्रदेश में अब बस के जरिए सफर करना महंगा हो गया है. यात्रियों को महंगाई की मार झेलनी पड़ी है. परिवहन विभाग ने बस किराए में बढ़ोतरी का नोटिफिकेशन जारी कर नई दरें लागू कर दी हैं. अगर आप बस के माध्यम से लंबी दूरी तय करते हैं तो इस महंगाई का सबसे ज्यादा असर आपको झेलना पड़ सकता है. राज्य सरकार के परिवहन विभाग ने बसों के अधिकतम यात्री किराये में बढ़ोतरी करते हुए नया राजपत्र जारी कर दिया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले अगर कोई यात्री 100 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करता था तो उसे 125 रुपये चुकाने पड़ते थे, लेकिन अब यही यात्रा उसे 200 रुपये की पड़ जाएगी, जोकि अपने आप में एक बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है. चलिए जानते हैं आखिर बस किराया कितना बढ़ा है.
कितना बढ़ाया गया बस का किराया?
जानकारी के मुताबिक अब नई दरों के तहत सामान्य बसों का अधिकतम किराया 2 रुपये प्रति यात्री प्रति किलोमीटर होगा. जबकि, सबसे कम किराया 10 रुपये रखा गया है. यानि अगर आप 2 किलोमीटर की भी यात्रा करेंगे तो इसके लिए आपको 10 रुपये का टिकट लेना होगा. पहले यह दर 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर थी, यानी किराये में 75 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है. लंबी दूरी के रूटों पर 55 से 60 प्रतिशत तक किराया बढ़ सकता है.
अलग-अलग होगा बसों का किराया
अलग-अलग श्रेणियों की बसों के लिए किराया अलग-अलग तय किया गया है. नोटिफिकेशन के मुताबिक रात में चलने वाली बसों का सामान्य दर से 10 प्रतिशत ज्यादा होगा. वहीं, डीलक्स (Non AC) बसों में 25 प्रतिशत, स्लीपर बसों में 40 प्रतिशत तक ज्यादा किराया लग सकता है. वहीं, अगर आप डीलक्स ऐसी बसों में यात्रा करते हैं तो ऐसे में 50 प्रतिशत और सुपर लग्जरी एसी कोच में 75 प्रतिशत तक ज्यादा किराया लिया जा सकेगा. हालांकि, डीलक्स, स्लीपर और लग्जरी बसों पर अलग से नाइट चार्ज नहीं लगेगा. हड़ताल की चेतावनी के बाद सरकार द्वारा यह किराया बढ़ाया गया है.