Instagram Profile Grid: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम लगातार अपने यूजर्स को बेहतर एक्सपीरिएंस देने के लिए नए फीचर्स पेश कर रहा है. इसी के चलते अब मेटा ने एक नया फीचर ‘रीऑर्डर ग्रिड’ (Reorder Grid) लॉन्च करने की घोषणा की है. ये फीचर यूजर्स को अपनी प्रोफाइल ग्रिड को अपनी पसंद के अनुसार व्यवस्थित करने की सुविधा देगा. अब किसी पोस्ट की प्रोफाइल पर दिखाई देने वाली स्थिति उसके पोस्ट किए जाने की तारीख पर निर्भर नहीं करेगी, बल्कि यूजर खुद तय कर सकेंगे कि कौन-सी पोस्ट सबसे पहले दिखाई दे.
प्रोफाइल को मिलेगा नया लुक
अब तक इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर पोस्ट्स क्रोनोलॉजिकल ऑर्डर (Chronological Order) में दिखाई देती थीं, यानी नई पोस्ट सबसे ऊपर और पुरानी पोस्ट नीचे चली जाती थी. लेकिन नए फीचर के आने के बाद यूजर्स किसी भी पोस्ट को अपनी पसंद के अनुसार ऊपर या नीचे कर सकेंगे.
ये सुविधा उन लोगों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद साबित होगी जो अपनी प्रोफाइल को एक पोर्टफोलियो, ब्रांड शोकेस के रूप में दिखाना चाहते हैं. इससे जरूरी पोस्ट्स को ज्यादा प्रमुखता दी जा सकेगी और प्रोफाइल की पहली छाप पहले से अधिक प्रभावशाली बनेगी.
कैसे काम करेगा ‘रीऑर्डर ग्रिड’ फीचर?
इस फीचर का उपयोग करना बेहद आसान है. यूजर को अपनी इंस्टाग्राम प्रोफाइल खोलनी होगी और जिस पोस्ट को स्थानांतरित करना है उस पर कुछ सेकंड तक प्रेस करके रखना होगा. इसके बाद एक पॉप-अप मेन्यू दिखाई देगा, जिसमें ‘Reorder Grid’ का नया ऑप्शन मिलेगा.
इस ऑप्शन पर टैप करने के बाद यूजर ड्रैग-एंड-ड्रॉप की मदद से पोस्ट्स को मनचाहे क्रम में व्यवस्थित कर सकेंगे. नई व्यवस्था को सेव करते ही बदलाव तुरंत प्रोफाइल पर दिखाई देने लगेंगे और प्रोफाइल विजिट करने वाले सभी लोग नया लेआउट देख पाएंगे.
पोस्ट की जानकारी पर नहीं पड़ेगा कोई असर
कई यूजर्स के मन में ये सवाल हो सकता है कि पोस्ट्स की स्थिति बदलने से उनकी मूल जानकारी प्रभावित होगी या नहीं. कंपनी के अनुसार, ये फीचर केवल प्रोफाइल ग्रिड के विज़ुअल लेआउट को बदलता है. पोस्ट पब्लिश डेट, कैप्शन, लाइक्स, कमेंट्स और अन्य एंगेजमेंट डेटा पहले की तरह सेफ रहेंगे. यानी केवल पोस्ट्स की प्रस्तुति बदलेगी, उनकी परफॉर्मेंस या रिकॉर्ड पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा.
क्रिएटर्स और ब्रांड्स के लिए होगा फायदेमंद
ये नया फीचर खासतौर पर कंटेंट क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स, व्यवसायों और ब्रांड्स के लिए उपयोगी माना जा रहा है. ये लोग अपनी सबसे जरूरी पोस्ट्स, कैंपेन, प्रोडक्ट्स या उपलब्धियों को प्रोफाइल पर मेन स्थान देकर लोगों का ध्यान आसानी से आकर्षित कर सकेंगे.
इसके अलावा, यूजर्स बिना किसी कंटेंट को दोबारा पोस्ट किए अपनी प्रोफाइल को नया रूप दे सकेंगे, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी.