Car Care Tips: आज के समय में सड़क हादसे तेजी से बढ़ रहे हैं. इसके पीछे केवल ड्राइविंग में लापरवाही ही नहीं बल्कि, अन्य गलतियां भी जिम्मेदार मानी जाती हैं. अक्सर कई बार लोग कार को पार्क करने में भी गलती कर देते हैं, जिसका खामियाजा उन्हें बाद में भुगतना पड़ता है. आपने देखा होगा कि अक्सर लोग कार पार्क करने के बाद जल्दबाजी में सीधे दरवाजा खोल देते हैं. सोशल मीडिया पर आए दिन वीडियो वायरल होती हैं, जिनमें देखा जाता है कि ड्राइवर या पैसेंजर सड़क पर अचानक से कार का दरवाजा खोल देते हैं. इससे पीछे से आ रही बाइक या अन्य वाहन कई बार उस गाड़ी से टकरा जाती है, जिससे कहीं न कहीं दुर्घटना हो सकती है.
इस स्थिति को देखकर लोगों के मन में एक सवाल जरूर आता है कि ऐसा होने पर किसकी गलती मानी जाएगी और इसके लिए जुर्माना किसे देना होगा. चलिए जानते हैं इससे जुड़े नियमों के बारे में.
किसकी होगी गलती और कौन देगा जुर्माना?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कार का दरवाजा अगर बीच सड़क पर खोल दिया जाए तो ऐसे में कार चालक या फिर पैसेंजर की गलती होगी. कार का दरवाजा अचानक खोलने से पीछे से आने वाले कार चालक को प्रतिक्रिया देने का समय नहीं मिलता है. खासतौर पर बाइक और साइकिल वाले लोग ऐसी स्थिति में सीधे दरवाजे से टकरा सकते हैं और उन्हें चोट आ सकती है. कई बार संतुलन बिगड़ने से वे सड़क पर गिर जाते हैं और पीछे से आ रहे दूसरे वाहन की चपेट में भी आ सकते हैं.
ऐसी स्थिति कई बार मौत का भी कारण बन सकती है. अगर जांच में यह सामने आता है कि कार का दरवाजा बिना आसपास का ट्रैफिक देखे खोला गया था और उसी वजह से दुर्घटना हुई, तो आमतौर पर कार का दरवाजा खोलने वाला व्यक्ति जिम्मेदार माना जा सकता है. चाहे वह कार को ड्राइव कर रहा हो या कोई पैसेंजर ही क्यों न हो. अगर ऐसी लापरवाही करते हैं तसो इस मामले में कार्रवाई की जा सकती है.
कार का दरवाजा खोलने का सही तरीका
अगर आप कार में बैठे हैं और अचानक से गाजड़ी का दरवाजा खोलना पड़ा जाए तो इस स्थिति में आपको हमेशा रियर व्यू मिरर और साइड मिरर देखना चाहिए. सबसे पहले आपको पीछे मुड़कर यह देखना है कि कोई अन्य वाहन पीछे तो नहीं आ रहा है. दरवाजा एकदम से पूरा खोलने की बजाय पहले आपको हल्का-हल्का खोलना चाहिए. वैसे तो आपको कोशिश करनी चाहिए कि कार को साइड में लगाकर ही दरवाजा खोलना चाहिए.