BSNL New Phone Price: सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने भारत में अपना नया सैटेलाइट फोन पेश किया है. ये डिवाइस खास तौर पर उन जगहों पर संचार की सुविधा देने के लिए बनाया गया है, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होते. हालांकि, ये फोन आम मोबाइल की तरह सभी लोगों के लिए उपलब्ध नहीं है. भारत में सैटेलाइट फोन का उपयोग केवल सरकार या दूरसंचार विभाग (DoT) की अनुमति मिलने के बाद ही किया जा सकता है. बिना मंजूरी इसके इस्तेमाल की इजाजत नहीं है.
सैटेलाइट फोन क्यों है खास?
सैटेलाइट फोन सीधे सैटेलाइट नेटवर्क से जुड़कर काम करता है, इसलिए ऐसे इलाकों में भी कॉलिंग और संचार संभव हो जाता है जहां मोबाइल टावर मौजूद नहीं होते. पहाड़ी क्षेत्रों, समुद्र के बीच, जंगलों या आपदा प्रभावित स्थानों में भी ये डिवाइस भरोसेमंद कनेक्टिविटी प्रदान कर सकता है. इसके अलावा, इसमें लंबी बैटरी लाइफ और जरूरत पड़ने पर इमरजेंसी कम्युनिकेशन जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं.
BSNL Satellite Phone की कीमत
BSNL ने इस सैटेलाइट फोन की कीमत 1,34,166 रुपये (टैक्स सहित) तय की है. कीमत के लिहाज से ये कई प्रीमियम स्मार्टफोन्स से भी महंगा है. उदाहरण के तौर पर, इसकी कीमत Apple iPhone 17, iPhone 17 Pro और Samsung Galaxy S26 Ultra जैसे फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स से ज्यादा है.
किन लोगों के लिए है ये फोन?
BSNL के अनुसार, ये सैटेलाइट फोन रक्षा सेवाओं, समुद्री गतिविधियों, आपदा राहत कार्यों, खनन उद्योग, दूर-दराज के क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों, तीर्थयात्रियों और एडवेंचर ट्रैवल करने वालों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है. इसकी मजबूत और टिकाऊ डिजाइन इसे कठिन परिस्थितियों में भी इस्तेमाल के योग्य बनाती है.
खरीदने से पहले जान लें जरूरी बात
यदि आप इस सैटेलाइट फोन के बारे में अधिक जानकारी लेना चाहते हैं, तो अपने नजदीकी BSNL कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या 9768866652 पर कॉल करके जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. ध्यान रखें कि भारत में सैटेलाइट फोन की खरीद और उपयोग सरकारी नियमों के तहत नियंत्रित है, इसलिए आवश्यक अनुमति के बिना इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.
BSNL का 4G नेटवर्क भी हो रहा मजबूत
सैटेलाइट सेवाओं के साथ-साथ BSNL अपने 4G नेटवर्क का भी तेजी से विस्तार कर रहा है. कंपनी देशभर में करीब 99,000 4G साइट्स स्थापित कर चुकी है, जिनके जरिए बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को 4G सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.