Home > टेक - ऑटो > Car Suspension Tips: कितने साल तक साथ देते हैं कार के सस्पेंशन? खराब होने से पहले दिखने लगते हैं ये संकेत, समय रहते करा लें चेक

Car Suspension Tips: कितने साल तक साथ देते हैं कार के सस्पेंशन? खराब होने से पहले दिखने लगते हैं ये संकेत, समय रहते करा लें चेक

कई बार कार मालिक इंजन ऑयल, टायर, ब्रेक और बैटरी की देखभाल पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन, सस्पेंशन सिस्टम की जांच को लंबे समय तक टालते रहते हैं. चलिए जानते हैं कार के सस्पेंशन कितने साल तक चलते हैं.

By: Kunal Mishra | Published: October 21, 2026 5:06:10 PM IST



Car Suspension Tips: कार चलाते समय अगर आपको सड़क के छोटे-बड़े गड्ढों पर ज्यादा झटके महसूस होने लगे हैं, गाड़ी उबड़-खाबड़ रास्तों पर जरूरत से ज्यादा उछलती है तो इन संकेतों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. दरअसल, कार को आरामदायक और सड़क पर स्थिर बनाए रखने में उसके सस्पेंशन सिस्टम की अहम भूमिका होती है. यह सिस्टम सड़क की ऊबड़-खाबड़ सतह से पैदा होने वाले झटकों को कम करने के साथ-साथ टायरों का सड़क से संपर्क बनाए रखने में भी मदद करता है.
कई बार कार मालिक इंजन ऑयल, टायर, ब्रेक और बैटरी की देखभाल पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन, सस्पेंशन सिस्टम की जांच को लंबे समय तक टालते रहते हैं. चलिए जानते हैं कार के सस्पेंशन कितने साल तक चलते हैं. 

कितने साल तक चलते हैं कार के सस्पेंशन?

कार के सस्पेंशन की उम्र के लिए कोई एक निश्चित समयसीमा तय नहीं की जा सकती. यह इस बात पर निर्भर करता है कि कार किस तरह की सड़कों पर चलाई जाती है, हर दिन कितनी दूरी तय करती है, उस पर कितना भार रहता है और उसकी नियमित सर्विसिंग किस तरह होती है. सस्पेंशन सिस्टम में शॉक एब्जॉर्बर या स्ट्रट, स्प्रिंग, कंट्रोल आर्म, बुशिंग, बॉल जॉइंट और अन्य हिस्से शामिल हो सकते हैं. इन सभी की उम्र अलग-अलग हो सकती है. 

गड्ढों पर पहले से ज्यादा झटके लगना

कार के सस्पेंशन में परेशानी आने पर सबसे पहले महसूस होने वाले संकेतों में से एक है सड़क के गड्ढों और स्पीड ब्रेकर पर ज्यादा झटके लगना. अगर पहले आपकी कार खराब रास्तों पर आराम से निकल जाती थी, लेकिन अब छोटे गड्ढों पर भी केबिन में तेज झटका महसूस होता है, तो सस्पेंशन की जांच कराना उचित रहेगा. शॉक एब्जॉर्बर और स्ट्रट का काम स्प्रिंग की गति को नियंत्रित करना और कार के उछाल को कम करना होता है. 

Advertisement