Sunetra Pawar Oath ceremony LIVE: महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार (31 जनवरी, 2026) का दिन अहम हो गया. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता और दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को मंत्रिपद की शपथ दिलाई गई. उन्होंने मराठी भाषा में मंत्रिपद की शपथ ली. लोक भवन में NCP विधायक दल की नेता और दिवंगत डिप्टी सीएम अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेने के दौरान NCP नेताओं ने ‘अजीत दादा अमर रहें’ के नारे लगाए. वहीं, शपथ ग्रहण समारोह खत्म होने के बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, सीएम देवेंद्र फडणवीस, नई शपथ लेने वालीं डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे लोक भवन से बाहर निकल गए. कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शनिवार देर शाम या फिर रात तक सुनेत्रा पवार को विभाग भी अलॉट कर सकते हैं. वहीं, इस शपथ ग्रहण की पूरी तैयारी पहले ही कर ली गई थी. इसके साथ ही महाराष्ट्र की राजनीति में एक इतिहास भी बन गया, जब राज्य में कोई महिला पहली बार उपमुख्यमंत्री का पद संभालेगी. मिली जानकारी के अनुसार, पवार परिवार और एनसीपी की अंदरूनी राजनीति के बीच सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है. सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार को भारतीय जनता पार्टी महायुति अहमियत देना चाहेगी. ऐसे में सुनेत्रा के पास खेल विभाग और राज्य उत्पादन शुल्क विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. रोचक यह है कि अजित पवार के पास रहा वित्त विभाग फिलहाल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास ही रहेगा. इसका सीधा मतलब है कि आने वाले बजट को देवेंद्र फडणवीस ही पेश करेंगे. बताया जा रहा है कि सुनेत्रा पवार की राजनीति में अपरिपक्वता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.