कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रानीनगर इलाके से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। 18 वर्षीय युवक की एक महिला से इंटरनेट मीडिया के जरिए दोस्ती हुई। बातचीत बढ़ी, तो दोनों ने एक-दूसरे के नंबर साझा किए। महिला ने खुद को तलाकशुदा बताया और अपनी असली उम्र छिपाई। दोनों के बीच प्रेम संबंध करीब सात महीने तक फोन पर चलते रहे। इसके बाद जो हुआ, उसे सुनकर दंग रह जाएंगे।
एक दिन किशोर अपने पिता का फोन इस्तेमाल कर रहा था, जब उसे कुछ चैट और मैसेज दिखे। इन्हें पढ़कर उसे पता चला कि जिससे वह प्यार करता है, वह कोई और नहीं, बल्कि उसके पिता की दूसरी पत्नी है। जैसे ही किशोर के सामने ये आया, तो उसे गहरा सदमा लगा। बता दें, किशोर की मां का कुछ साल पहले निधन हो गया था, जिसके बाद उसके पिता ने अपनी दूसरी शादी की बात परिवार से छिपाई थी.
जब युवक को सच्चाई का पता चला, तो उसने महिला को वीडियो कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही। घबराई महिला ने तुरंत अपने पति यानी किशोर के पिता को जानकारी दी। पिता दुकान छोड़कर भागे और घर पहुंचे, जहां उनका बेटा बेसुध पड़ा था। उन्होंने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। फिलहाल किशोर की हालत स्थिर बताई जा रही है। इस मामले के बाद इलाके में सभी लोग हैरान है. अब देखना होगा कि क्या किशोर अपनी सौतेली मां को अपनाता है या नहीं।