Inkhabar
  • होम
  • राज्य
  • 12 हजार की नौकरी, 4 शादियां, सैकड़ों अश्लील वीडियो…कोलकाता के ‘दरिंदे’ की खौफनाक सच्चाई

12 हजार की नौकरी, 4 शादियां, सैकड़ों अश्लील वीडियो…कोलकाता के ‘दरिंदे’ की खौफनाक सच्चाई

कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है।

truth of Kolkata Murder Case devil Job worth Rs 12000 4 marriages
inkhbar News
  • August 12, 2024 7:13 pm Asia/KolkataIST, Updated 10 months ago

नई दिल्ली: कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। आरोपी संजय रॉय, जो कि एक सिविल वॉलंटियर था, की करतूतें अब सामने आ रही हैं, जो और भी चौंकाने वाली हैं। एक ऐसा शख्स जिसने कई शादियां कीं, लेकिन एक भी टिक नहीं पाई। कई लड़कियों के साथ उसने दरिंदगी की और उन्हें छोड़ दिया। उसके फोन में सैकड़ों अश्लील वीडियो मिले हैं, जो उसके टेढ़ी-मेढ़ी मानसिकता का परिचय देती हैं।

सिविल वॉलंटियर से दरिंदगी तक का सफर

संजय रॉय कोलकाता पुलिस के डिजास्टर मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के साथ सिविल वॉलंटियर के तौर पर काम करता था। इसके लिए उसे मात्र 12,000 रुपये की तनख्वाह मिलती थी। लेकिन उसकी पहुंच पुलिस के कई थानों तक थी और अधिकारी उसे अच्छी तरह जानते थे। इसी का फायदा उठाकर उसने कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर दी।

रिश्वत के रैकेट में भी शामिल था संजय

सूत्रों के मुताबिक, संजय रॉय अस्पताल में चल रहे रिश्वत के रैकेट का भी हिस्सा था। वह मरीजों को भर्ती कराने के लिए लाता था और बदले में उनके परिजनों से मोटी रकम वसूलता था। अगर मरीज को सरकारी अस्पताल में बेड नहीं मिलता था, तो वह बगल के नर्सिंग होम में बेड दिलवाने का काम करता था और इसके लिए भी मोटी रकम वसूलता था।

फर्जी पुलिसकर्मी बनने का शौक

संजय रॉय सिर्फ एक सिविल वॉलंटियर था, लेकिन वह खुद को कोलकाता पुलिस का जवान बताता था। यहां तक कि वह “KP” लिखी टी-शर्ट पहनकर घूमता था और उसकी बाइक पर भी “KP” का टैग लगा हुआ था। वह पुलिस बैरक में ही रहता था और आला अधिकारियों के साथ उसके अच्छे संबंध थे। कहा जा रहा है कि वह पुलिस को अवैध वसूली में भी मदद करता था।

महिलाओं के साथ संजय रॉय का क्रूर इतिहास

संजय रॉय का महिलाओं के साथ क्रूरता का लंबा इतिहास रहा है। उसने चार शादियां कीं, लेकिन तीन पत्नियों ने उसे उसके गलत आचरण के कारण छोड़ दिया। उसकी चौथी पत्नी की पिछले साल कैंसर से मौत हो गई थी, लेकिन पड़ोसियों का कहना है कि संजय उसे भी मारता-पीटता था और दुर्व्यवहार करता था

अश्लील वीडियो और हत्या के बाद की बेरहमी

पुलिस जांच में संजय के फोन में कई अश्लील वीडियो मिले हैं। हत्या और दुष्कर्म के बाद संजय अपने घर गया और चैन की नींद सोया। जागने के बाद उसने सबूत मिटाने की कोशिश की, खून से सने कपड़े धोए, लेकिन पुलिस को उसके जूतों पर खून के धब्बे मिल गए। संजय ने पुलिस के सामने बर्बरता की बात कबूल कर ली है, लेकिन उसे कोई पछतावा नहीं है। उसने कहा, “मैंने ही ये सब किया है, चाहो तो मुझे फांसी पर लटका दो।”

अस्पताल में हुई वारदात ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

महिला डॉक्टर के पिता का आरोप है कि अस्पताल के अंदर ही उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म और हत्या की गई, जबकि वहां कई लोग मौजूद थे। लेकिन कोई भी उनकी बेटी को बचा नहीं सका। इस घटना ने अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह कहानी सिर्फ एक अपराधी की नहीं, बल्कि उस व्यवस्था की भी है जो ऐसे दरिंदों को पनपने का मौका देती है। संजय रॉय जैसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत है ताकि भविष्य में कोई और इस तरह की बर्बरता का शिकार न हो।

 

ये भी पढ़ें: Kolkata Rape Murder: दिल्ली से लेकर बंगाल तक, पूरे देश में विरोध प्रदर्शन, अस्पतालों में डॉक्टर्स की हड़ताल

ये भी पढ़ें: Kolkata Rape Case: ममता बनर्जी ने किया बड़ा ऐलान, कहा हम इस केस को जल्द सीबीआई को सौंप देंगे