महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बांद्रा टर्मिनस से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ ट्रेन में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। शनिवार रात को एक महिला अपने बेटे के साथ ट्रेन से बांद्रा टर्मिनस पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद एक कुली ने मौके का फायदा उठाकर महिला के साथ जबरदस्ती की और फिर फरार हो गया।
मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बांद्रा टर्मिनस से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ ट्रेन में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात को एक महिला अपने बेटे के साथ ट्रेन से बांद्रा टर्मिनस पहुंची थी। स्टेशन पर उतरने के बाद महिला गलती से प्लेटफॉर्म के दूसरी तरफ खड़ी एक खाली ट्रेन में चढ़ गई। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद एक कुली ने मौके का फायदा उठाकर महिला के साथ जबरदस्ती की और फिर फरार हो गया। रेलवे पुलिस ने घटना में संलिप्त एक कुली को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
घटना के बाद पीड़िता ने बांद्रा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
मुंबई में हाल ही में दिंडोशी पुलिस स्टेशन क्षेत्र से भी एक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इस मामले में एक 20 वर्षीय युवक ने 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से हुआ। आरोपी की पहचान प्रकाश मौर्य के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के परिवार ने पुलिस को बताया कि बुजुर्ग महिला डिमेंशिया और मेमोरी लॉस की बीमारी से पीड़ित हैं। घटना के दौरान, आरोपी जबरन घर में घुसा और महिला के साथ दुष्कर्म कर फरार हो गया।
दिंडोशी पुलिस ने बीएनएस की धारा 64(1) और 332(B) के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मुंबई में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं रेलवे स्टेशनों और शहर के अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
ये भी पढ़ें: सुबह-शाम दिल्ली NCR में छाया रहेगा कोहरा, यूपी-बिहार में होगी बारिश, येलो अलर्ट जारी