भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हल्की बारिश का अंदेशा जताया है। वहीं राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री से ज्यादा पहुंचने का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। इसके साथ ही वहां धूल भरी अंधी चलने की संभावना भी जताई गयी है।
राजस्थान में शुक्रवार को भी भीषण गर्मी का कहर जारी रहा। राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 20 अप्रैल से तेज़ हवाएं और धूल भरी आंधियां चल सकती हैं, जिससे झुलसाने वाली गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है।
देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने गर्मी से कुछ राहत दी है, वहीं दूसरी ओर भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर भीषण लू चलने की संभावना जताई है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के इलाकों में 21 अप्रैल तक में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। गुजरात में 22 से 24 अप्रैल के बीच गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी से बचाव के लिए खुब पानी पिएं, खुले में धूप से बचें और जरूरी हो तब ही बाहर निकलें।
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय,नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम, त्रिपुरा , सिक्किम और पश्चिम बंगाल में 19 अप्रैल से 24 अप्रैल तक बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है।
बिहार के 13 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वही झारखण्ड में कल दोपहर बाद झमाझम बारिश और ओलें गिरने से मौसम सुहावना हो गया। अगले 3 दिन तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं ओडिशा में 21 अप्रैल को कुछ इलाकों में तेज़ आंधी-तूफान (थंडरस्क्वॉल) की संभावना है।
केरल समेत दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं की संभावना बनी रहेगी।
Read Also: केदारनाथ धाम में तैयारियां जोरों पर, 2 मई से खुलेंगे कपाट, बद्रीनाथ में 4 मई से होंगे दर्शन