Advertisement
  • होम
  • राज्य
  • बिहार के टीचर ने क्लासरूम में की आत्महत्या, आखिर क्या थी वजह?

बिहार के टीचर ने क्लासरूम में की आत्महत्या, आखिर क्या थी वजह?

बिहार के मधुबनी जिले में एक प्राइवेट स्कूल के शिक्षक ने आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार की रात जब स्कूल के बच्चे खाना खाने की तैयारी कर रहे थे, तो अमन कुमार खाने के लिए नहीं पहुंचे।

Advertisement
Bihar teacher committed suicide, Viral news
  • December 14, 2024 12:13 pm Asia/KolkataIST, Updated 1 month ago

पटना: बिहार के मधुबनी जिले में एक प्राइवेट स्कूल के शिक्षक ने आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। बता दें घटना मधुबनी के घोघरडीहा थाना क्षेत्र के बनर झूला गांव की है। जानकारी के अनुसार, अमन स्कूल परिसर में बने एक कमरे में रहते थे। शुक्रवार की रात उनका शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला।

बच्चों ने देखा शव

शुक्रवार की रात जब स्कूल के बच्चे खाना खाने की तैयारी कर रहे थे, तो अमन कुमार खाने के लिए नहीं पहुंचे। बच्चों ने उन्हें बुलाने के लिए उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बच्चों ने खिड़की से अंदर झांका, तो उन्होंने देखा कि अमन पंखे से गमछे के सहारे लटके हुए हैं। यह दृश्य देखकर बच्चे घबरा गए और तुरंत स्कूल के प्रिंसिपल को सूचना दी।

घटना की सूचना पाकर घोघरडीहा थाने के थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अमन के शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

किसी से नहीं थी दुश्मनी

स्कूल के प्रिंसिपल के अनुसार, अमन कुमार बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय थे और उनका पढ़ाने का तरीका सराहनीय था। उनका किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। प्रिंसिपल ने यह भी बताया कि अमन का व्यवहार सामान्य था और ऐसी किसी घटना की उम्मीद नहीं थी। हालांकि अभी तक अमन कुमार की आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद से स्कूल परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

ये भी पढ़ें: TV जगत के मशहूर एक्टर हर्षद अरोड़ा ने गर्लफ्रेंड संग की सीक्रेट शादी, वायरल वीडियो

Advertisement