Bhopal Love Jihad: मध्य प्रदेश के भोपाल में TIT कॉलेज की हिंदू छात्राओं को लव जिहाद में फंसाकर उनका गैंगरेप करने वाले मुख्य आरोपी फरहान का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया है। फरहान के पैर में गोली लगी है, वह भागने की फिराक में था।
अशोका गार्डन थाना पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी फरहान को लेकर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश के लिए निकली थी। तभी उसने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनी, इसी दौरान खींचतान में फायर हुआ, जो फरहान के पैर में जाकर लग गई। आरोपी को हमीदिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी प्रियंका शुक्ला ने बताया कि आरोपी फरहान एक अन्य आरोपी अबरार के साथ बिलकिस गंज में रुका था। अशोका गार्डन की पुलिस टीम फरहान को लेकर बिलकिस गंज के लिए निकली थी। इस दौरान फरहान ने बाथरूम जाने के बहाने से पुलिस की गाड़ी रुकवाई। फरहान ने अपने साथ उतरे स्टाफ से पिस्टल छीनने की कोशिश की। इस हाथापाई में एसआई की पिस्टल से गोली चल गई, जिससे फरहान के पैर में गोली लग गई।
फरहान पर भोपाल के एक निजी कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को निशाना बनाकर उनके साथ दुष्कर्म करने और फिर उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप है। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि फरहान अपने मुस्लिम साथियों के साथ मिलकर एक गिरोह चला रहा था। यह गिरोह हिंदू लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका शारीरिक शोषण करता था। फरहान और अबरार लड़कियों का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। इसके बाद उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते थे। फरहान का कहना है कि वह सबाब का काम कर रहा था।