आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को दिल्ली में पंजाब के सभी विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे।
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल बेचैन हैं। अब वे पंजाब में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में जुटे हैं। अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के सभी विधायकों को मंगलवार को दिल्ली में मिलने के लिए बुलाया है। इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहेंगे। जानकारी के मुताबिक, पंजाब के विधायकों के साथ केजरीवाल की यह बैठक दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास कपूरथला हाउस में होगी।
बता दें कि पंजाब में कैबिनेट बैठक से पहले दलबदल की अफवाहों के बीच आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी विधायकों को दिल्ली बुलाया है। मंगलवार को होने वाली यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब राज्य कांग्रेस के नेताओं ने दावा किया है कि वे करीब 30 आप विधायकों के संपर्क में हैं। कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया था कि 30 से अधिक आप विधायक लगभग एक साल से उनकी पार्टी के संपर्क में हैं और पाला बदलने के लिए तैयार हैं। इससे पंजाब की सियासत गरमा गई है।
पंजाब के विधायकों से मिलने के पीछे केजरीवाल का मकसद पंजाब में सत्ता बरकरार रखने और बचे हुए कार्यकाल में सरकार को कैसे आगे बढ़ाया जाए, इसकी रणनीति तय करना है। हालांकि पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई ने अहम भूमिका निभाई है। यही वजह है कि केजरीवाल अब सभी से मिलना चाहते हैं।जानकारी के अनुसार, इस समय पंजाब में आम आदमी पार्टी के पास 94 विधायक हैं। पंजाब में कुल विधायकों की संख्या 117 है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भारी बहुमत से सरकार बनाई थी।
ये भी पढ़ेंः- छत्तीसगढ़ में 10 नगरीय निकाय चुनाव के लिए 8 बजे से मतदान शुरू, जनता करेगी…
चूड़ियां नहीं पहनी, जब तक जिंदा हूं.., मुस्तफाबाद का नाम शिवपुरी रखने पर भड़क गए…