Vinesh Phogat: वापसी से पहले भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) लगातार मुश्किल में घिरती जा रही हैं. भारतीय कुश्ती महासंघ (Wrestling Federation of India) ने विनेश को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. इस नोटिस का जवाब देने के लिए उन्हें 14 दिनों का समय दिया गया है. विनेश फोगाट पर अनुशासनहीनता और डोपिंग-रोधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है.
विनेश को कब तक देना होगा जवाब
भारतीय कुश्ती महासंघ ने इसके साथ ही. 26 जून, 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है. इसके साथ ही इसी महीने के अंत तक यानी 14 दिनों के अंत तक जवाब देना है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि उन्होंने UWW के डोपिंग-रोधी नियमों के तहत संन्यास से वापसी करने वाले एथलीटों के लिए अनिवार्य छह महीने की नोटिस अवधि पूरी नहीं की थी.
क्या है आरोप
WFI की मानें तो विनेश के आचरण से राष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी हुई है. 15 पन्नों के इस नोटिस में, WFI ने आरोप लगाया कि भारतीय कुश्ती की छवि को नुकसान पहुंचा है. विनेश पर यह भी आरोप है कि उनके आचरण से WFI के संविधान, UWW के अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती नियमों तथा डोपिंग-रोधी विनियमों के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है.
विनेश के लिए बैड न्यूज क्या है?
अब यह भी साफ हो गया है कि इस वर्ष 26 जून तक विनेश फोगाट किसी भी घरेलू प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्र नहीं हैं. इसमें गोंडा (उत्तर प्रदेश) में 10 से 12 मई तक होने वाला राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट भी शामिल है, जिसे उनका वापसी टूर्नामेंट माना जा रहा था. इसमें विनेश अच्छा प्रदर्शन करके अपना आत्मविश्वास हासिल कर सकती थीं.
क्या है नियम
WFI ने पत्र में जानकारी दी है कि विनेश फोगाट अगर दोबारा कुश्ती में वापसी करना चाहती हैं, तो उन्हें आईटीए या इंटरनेशनल फेडरेशन को कम से कम छह महीने पहले सूचना देनी होगी. उन्हें एंटी-डोपिंग टेस्टिंग के लिए भी तैयार रहना होगा. WFI ने वाडा के नियम 5.6.1 का हवाला देते हुए बताया कि कोई भी खिलाड़ी लंबे समय तक टेस्टिंग सिस्टम से बाहर रहने के बाद सीधे प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकता. साथ ही यह जानकारी भी दी है कि ऐसा करने पर उसके परिणाम अमान्य घोषित किए जा सकते हैं. विनेश पर यह भी आरोप है कि उन्होंने डब्ल्यूएफआई संविधान, यूडब्ल्यूडब्ल्यू अंतरराष्ट्रीय कुश्ती नियमों के साथ-साथ डोपिंग विरोधी नियमों के प्रावधानों का उल्लंघन किया है.