Home > खेल > विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से राहत, एशियन गेम्स ट्रायल में ले सकेंगी भाग, WFI ने लगाई थी रोक

विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से राहत, एशियन गेम्स ट्रायल में ले सकेंगी भाग, WFI ने लगाई थी रोक

सुप्रीम कोर्ट ने विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दे दी है. WFI की चुनौती के बावजूद कोर्ट ने फिलहाल रोक लगाने से इनकार कर दिया है. हाल में विनेश फोगाट मां बनी थी.

By: Satyam Sengar | Published: May 29, 2026 1:50:15 PM IST



Vinesh Phogat News: भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 के चयन ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति मिल गई है. सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि फिलहाल उन्हें ट्रायल में शामिल होने से नहीं रोका जाएगा और वे चयन प्रक्रिया में हिस्सा ले सकती हैं. कोर्ट ने कहा कि इस स्तर पर किसी प्रकार का हस्तक्षेप उचित नहीं होगा और खिलाड़ी को अवसर मिलना चाहिए. हाल में कोर्ट ने दिल्ली हाई कोर्ट ने भी कहा था कि मां बनना गुनाह नहीं है.

यह मामला तब शुरू हुआ जब भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी, जिसमें विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दी गई थी. हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि खिलाड़ी को ट्रायल से बाहर रखना उचित नहीं है, खासकर तब जब वह वापसी कर रही हों और चयन प्रक्रिया में भाग लेने की पात्रता रखती हों.

ट्रायल पर उठे थे सवाल

WFI की याचिका के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां महासंघ ने दलील दी कि चयन प्रक्रिया नियमों के अनुसार होनी चाहिए और ट्रायल में भागीदारी पर सवाल उठाए. हालांकि सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल WFI की रोक को स्वीकार नहीं किया और विनेश फोगाट को ट्रायल में भाग लेने की अनुमति बरकरार रखी.

विनेश ने कई मेडल जीते हैं

गौरतलब है कि विनेश फोगाट भारतीय कुश्ती की प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीते हैं. वे पहले भी एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं. इस मामले में अब आगे की सुनवाई में यह तय होगा कि चयन प्रक्रिया और पात्रता को लेकर अंतिम निर्णय क्या होगा. तब तक विनेश फोगाट एशियन गेम्स 2026 के ट्रायल में हिस्सा ले सकेंगी.

Advertisement