IPL 206 Final Match Venue: आईपीएल 2026 का फाइनल बेंगलुरु में नहीं होगा. नई शेड्यूल के अनुसार इसे अहमदाबाद में शिफ्ट कर दिया गया है. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने उन खबरों को खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया जा रहा था कि आईपीएल 2026 का फाइनल टिकट आवंटन विवाद के कारण बेंगलुरु से अहमदाबाद शिफ्ट किया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला केवल स्टेडियम की क्षमता और लॉजिस्टिक कारणों के आधार पर लिया गया है. शुरुआत में बेंगलुरु को फाइनल का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था.
इसके बाद अटकलें लगाई जाने लगीं कि टिकट वितरण और स्थानीय व्यवस्थाओं को लेकर मतभेद के चलते बीसीसीआई ने यह फैसला लिया. हालांकि, शिवकुमार ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि टिकट को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं था और अहमदाबाद का चयन केवल इसलिए किया गया क्योंकि वहां बड़ा स्टेडियम उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम की विशाल क्षमता उसे आईपीएल जैसे बड़े आयोजन के लिए अधिक उपयुक्त बनाती है, जिससे ज्यादा संख्या में दर्शक फाइनल मुकाबला देख सकेंगे.
बीसीसीआई ने क्या कहा था?
बीसीसीआई ने पहले भी कहा था कि फाइनल का स्थल बदलने का निर्णय संचालन और लॉजिस्टिक कारणों से लिया गया है. बोर्ड का यह भी कहना था कि कुछ स्थानीय अपेक्षाएं उसकी मानक मेजबानी व्यवस्था से मेल नहीं खाती थीं. करीब 1.30 लाख दर्शकों की क्षमता वाला नरेंद्र मोदी स्टेडियम हाल के वर्षों में बड़े क्रिकेट आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन गया है. इस मैदान पर कई आईपीएल फाइनल और आईसीसी नॉकआउट मुकाबले खेले जा चुके हैं.
क्या कर्नाटक को मिलनी थी मेजबानी?
वहीं, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने मेजबानी छिनने पर निराशा जताई है और कहा है कि बेंगलुरु फाइनल की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार था. बीसीसीआई के इस फैसले ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि अहमदाबाद भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबलों की पसंदीदा मेजबानी स्थल बनता जा रहा है.
ये भी पढ़ें: IPL Playoff Schedule: बेंगलुरु को मिलनी थी फाइनल की मेजबानी, फिर BCCI ने क्यों अहमदाबाद को चुना, कहां आई प्रॉब्लम