Home > क्रिकेट > GT vs SRH: आखिर क्यों खास है गुजरात की ये ‘लैवेंडर’ जर्सी? वजह जानकर आप भी करेंगे टीम को सलाम!

GT vs SRH: आखिर क्यों खास है गुजरात की ये ‘लैवेंडर’ जर्सी? वजह जानकर आप भी करेंगे टीम को सलाम!

आज मैदान पर गुजरात टाइटंस की जर्सी का रंग बदला-बदला सा क्यों है? आखिर क्या है इस 'लैवेंडर' रंग के पीछे की असली कहानी और नेक मकसद? पूरी बात जानने के लिए यहां पढ़ें...

By: Shivani Singh | Published: May 12, 2026 9:01:33 PM IST



अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज एक बेहद खास मुकाबला होने जा रहा है. गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाले इस मैच में गुजरात की टीम एक अनोखे अंदाज में नजर आ रही है. गुजरात टाइटंस आज अपनी पारंपरिक नीली जर्सी के बजाय लैवेंडर रंग की जर्सी पहनकर मैदान में उतरी है. यह कोई स्टाइल स्टेटमेंट नहीं, बल्कि एक नेक पहल है. साल 2023 में शुरू की गई इस मुहिम का मकसद कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना है. दरअसल, लैवेंडर रंग को सभी प्रकार के कैंसर के खिलाफ एकजुटता और समर्थन का वैश्विक प्रतीक माना जाता है.

टॉस का हाल 

इस रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. SRH के कप्तान पैट कमिंस ने कहा, ‘हम पहले गेंदबाजी करेंगे. हमने यहाँ पहले नहीं खेला है, इसलिए पहले पिच को देखना चाहते हैं. बाद में लक्ष्य का पीछा करना शायद आसान हो जाए. हमारे पास खोने को कुछ नहीं है, सारा दबाव गुजरात पर है.’

GT के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘हम भी पहले गेंदबाजी ही करना चाहते थे, लेकिन यह पिच पिछले मैचों के मुकाबले बेहतर लग रही है. टूर्नामेंट का यह आखिरी दौर है और अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना बहुत जरूरी है.’

बड़ी बात: दोनों ही टीमों ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है

प्लेऑफ की रेस और टीमों का फॉर्म

IPL 2026 की अंक तालिका में यह मैच टॉप-2 की जंग के लिहाज से बेहद अहम है. सनराइजर्स हैदराबाद, शुरुआत में चार मैचों में सिर्फ एक जीत दर्ज करने वाली हैदराबाद ने जबरदस्त वापसी की है. कमिंस की कप्तानी में टीम ने पिछले 7 में से 6 मैच जीते हैं. गुजरात टाइटंस शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात ने भी सही समय पर लय पकड़ी है. लगातार 4 जीत के साथ उनका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है और आज की जीत उन्हें सीधे टॉप पर पहुंचा सकती है.

मुकाबले की मुख्य कड़ियाँ

दोनों टीमों की ताकत उनके विस्फोटक सलामी बल्लेबाज हैं. हैदराबाद का मिडल ऑर्डर, खासकर हेनरिक क्लासेन, छक्के छुड़ाने में माहिर है. वहीं, गुजरात का निचला मध्यक्रम थोड़ा कमजोर नजर आ रहा है. गुजरात के पास अनुभवी तेज गेंदबाज हैं, तो हैदराबाद की गेंदबाजी साकिब हुसैन के आने से काफी मजबूत हुई है.

Tags:
Advertisement