England Next Captain: न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दौरान इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया. बेन स्टोक्स के इस फैसले ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. हालांकि अब इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के सामने बड़ा सवाल है कि बेन स्टोक्स के जाने के बाद किसे नया टेस्ट कप्तान बनाया जाए. बोर्ड को नए कप्तान की तलाश है. हर कोई जानना चाहता है कि इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान कौन होगा? इस पर खुद बेन स्टोक्स ने रिटायरमेंट के बाद खुद अपना उत्तराधिकारी चुना है.
स्टोक्स ने स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक (Harry Brook) को इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान बनाने की सलाह दी. हैरी ब्रूक लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. ऐसे में सवाल है कि क्या ईसीबी हैरी ब्रूक पर भरोसा जताएगी.
बेन स्टोक्स ने क्या कहा?
35 साल के बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने कहा कि हैरी ब्रूक को स्वाभाविक रूप से इंग्लैंड का अगला टेस्ट कप्तान बनना चाहिए, क्योंकि वह अभी उप-कप्तान है. स्टोक्स ने कहा, ‘आपको किसी खास वजह से टीम का उप-कप्तान बनने के लिए कहा जाता है. मैं जो रूट के अंडर लंबे समय तक उप-कप्तान था और यह एक स्वाभाविक फैसला है. अगर कप्तान नहीं है या उपलब्ध नहीं है, तो आप आगे बढ़कर वह जिम्मेदारी निभाते हैं. इसलिए ऐसा कोई कारण नहीं है कि हैरी को ऐसा करने के लिए न कहा जाए.’ बता दें कि हैरी ब्रूक इंग्लैंड के उभरते स्टार बल्लेबाज हैं, जो वनडे और टी20 में पहले से कप्तानी कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: बेन स्टोक्स के करियर के 7 बड़े विवाद, कभी सड़क पर की मारपीट, तो कभी मैदान पर खोया आपा
जो रूट और हैरी ब्रूक में कप्तानी की जंग!
बेन स्टोक्स की जगह कप्तान बनने की रेस में हैरी ब्रूक और जो रूट सबसे आगे हैं. जब न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बेन स्टोक्स बाहर थे, तो ईसीबी ने हैरी ब्रूक की बजाय जो रूट को टीम की कमान सौंपी थी. ऐसे में हो सकता है कि टीम मैनेजमेंट एक बार फिर से जो रूट को कप्तान बनाने का फैसला करे. 35 साल के जो रूट टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं, जिनके पास अनुभव के साथ-साथ काबिलियत है. हालांकि हैरी ब्रूक इंग्लैंड का आने वाला भविष्य हैं, जो अगले कई सालों तक अपने देश के लिए खेलने वाले हैं. वह पहले से ही टी20 और वनडे की कमान संभाल रहे हैं. ऐसे में ज्यादा चांस है कि बोर्ड हैरी ब्रूक को टेस्ट टीम का भी कप्तान बनाए.