Home > क्रिकेट > कौन हैं झारखंड के रॉबिन मिंज? जिन्हें ऑक्शन में ईशान किशन से ज्यादा मिले पैसे, IPL भी खेल चुके

कौन हैं झारखंड के रॉबिन मिंज? जिन्हें ऑक्शन में ईशान किशन से ज्यादा मिले पैसे, IPL भी खेल चुके

Who Is Robin Minz: झारखंड के युवा खिलाड़ी रॉबिन मिंज इंटरनेट पर चर्चा का विषय बने हुए हैं. दरअसल, झारखंड टी20 लीग के ऑक्शन में रॉबिन मिंज को ईशान किशन से ज्यादा पैसे मिले हैं.

By: Ankush Upadhayay | Last Updated: May 31, 2026 10:33:59 PM IST



Who Is Robin Minz: मुंबई इंडियंस के युवा खिलाड़ी रॉबिन मिंज इस समय खूब सुर्खियों में हैं. इसकी वजह झारखंड टी20 लीग का ऑक्शन हैं, जिसमें रॉबिन मिंज को 15.25 लाख रुपये में खरीदा गया है. हैरानी की बात यह है कि रॉबिन मिंज को भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन से ज्यादा पैसे मिले हैं. इस टी20 लीग के ऑक्शन में ईशान किशन भी शामिल थे, जिन्हें मिंज से कम रुपये मिले. इस ऑक्शन के बाद ही रॉबिन मिंज की इंटरनेट पर खूब चर्चा हो रही है.

रॉबिन मिंज झारखंड के गुमला जिले के शिमला गांव के रहने वाले हैं, जो भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना चाहते हैं. 23 साल के रॉबिन मिंज विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जो आक्रामक बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं. रॉबिन मिंज को झारखंड का क्रिस गेल कहा जाता है. साथ ही उनकी तुलना भारत के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर एमएस धोनी से भी की जाती है.

कौन हैं आदिवासी क्रिकेटर रॉबिन मिंज?

झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज बल्लेबाज रॉबिन मिंज का जन्म 13 सितंबर 2002 में हुआ था. रॉबिन मिंज के पिता फ्रांसिस जेवियर मिंज भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं, जो अभी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते हैं. रॉबिन मिंज चर्चा में तब आए, जब उन्होंने स्थानीय गुमला प्रीमियर लीग में 154 रनों की धमाकेदार पारी खेली.

इसके बाद उन्हें झारखंड की अंडर-19 में मौका मिला, जिसके बाद उन्होंने अंडर-23 और अंडर-25 क्रिकेट में झारखंड की ओर से खेलने का मौका मिला. इसके बाद साल 2025 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रॉबिन मिंज ने झारखंड की जीत दिलाने में भूमिका निभाई. झारखंड टी20 लीग में कोयलांचल सुपर किंग्स ने रॉबिन मिंज को 15.25 लाख रुपये में खरीदा. वहीं, ईशान किशन को संथाल स्ट्राइकर्स ने 14.70 लाख रुपये में खरीदा.

MI का हिस्सा हैं रॉबिन मिंज

रॉबिन मिंज आईपीएल में मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं. सबसे पहले साल 2024 के आईपीएल ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने रॉबिन को 3.60 करोड़ रुपये में खरीदा था. हालांकि टूर्नामेंट से पहले रॉबिन मिंज का बाइक एक्सीडेंट हो गया. इसके चलते वह खेल नहीं पाए. फिर 2025 के मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 65 लाख रुपये में रॉबिन मिंज को खरीदा. उसी सीजन रॉबिन मिंज ने मुंबई इंडियंस की ओर से चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना डेब्यू किया. इसके बाद अगले सीजन के लिए भी मुंबई ने उन्हें रिटेन किया, लेकिन IPL 2026 में ज्यादा मौके नहीं मिले.

रॉबिन मिंज का IPL करियर

रॉबिन मिंज ने आईपीएल में सिर्फ 4 मैच खेले हैं. इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ 12 रन आए हैं. हालांकि यह बात भी है कि रॉबिन मिंज को लगातार मौके नहीं मिल पाए हैं.

Tags:
Advertisement