Video: शाहरुख खान को बॉलीवुड का किंग कहा जाता है. वह जब भी किसी स्टेज पर होते हैं, तो सभी की नजरें उन पर ही होती हैं. फैंस उनकी एक्टिंग और डांस के दीवाने हैं, लेकिन एक बार वह खुद एक क्रिकेटर के सामने फीके पड़ गए थे. हम बात कर रहे हैं कि भारत के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत की, जिन्होंने शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के होते हुए सारी लाइमलाइट लूट ली थी. दरअसल, यह वाकया IPL के शुरुआती दौर के किसी इवेंट का है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर मौजूद है, जो खूब वायरल हुआ था. इस वीडियो में श्रीसंत स्टेज पर बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान के साथ डांस करते हुए दिखाई देते हैं.
श्रीसंत के आगे फीके पड़े शाहरुख!
वीडियो में देखा जा सकता है कि मंच पर शाहरुख खान और क्रिकेटर एस श्रीसंत मौजूद हैं. वहां पर शाहरुख खान की फिल्म ‘ओम शांति ओम’ का सुपरहिट गाना ‘दर्द-ए-डिस्को’ बज रहा है. मैदान पर अपने गुस्से और जोश के लिए मशहूर एस श्रीसंत शानदार डांस करते दिखाई दे रहे हैं. शाहरुख खान ने उनके कदमों से कदम मिलाने की कोशिश की, लेकिन श्रीसंत की एनर्जी और जोशीले डांस मूव्स को देखकर वह खुद पीछे हट गए. इसके बाद वह मुस्कुराते हुए श्रीसंत के लिए तालियां बजाने लगे और खुद पीछे बैकग्राउंड डांसर की तरह नाचने लगे. इस वीडियो में देखा जा सकता है कि इवेंट में शोएब अख्तर, वीरेंद्र सहवाग जैसे कई दिग्गज क्रिकेटर मौजूद थे. देखें वीडियो…
फैंस ने भी दिए गजब रिएक्शन
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. इस पर बहुत से फैंस ने कहा, ‘श्रीसंत ने शाहरुख खान को उन्हीं के गाने पर बैकग्राउंड डांसर जैसा दिखा दिया.’ इसके अलावा किसी यूजर ने लिखा, ‘यहां तक कि शाहरुख ने भी उन्हें लाइमलाइट दी.’ इतना ही नहीं, कई यूजर्स ने यहां तक लिखा कि श्रीसंत ने गलत प्रोफेशन चुन लिया.
एस श्रीसंत का करियर
पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत अपने करियर के दौरान अक्सर विवादों में रहे. मैदान पर अक्सर वह विपक्षी टीम के खिलाड़ियों से भिड़ जाते थे. हरभजन सिंह के साथ IPL का थप्पड़ कांड और स्पॉट फिक्सिंग उनके करियर के सबसे बड़े विवाद रहे, जिसके चलते वह खूब सुर्खियों में रहे. वहीं, खिलाड़ी के तौर पर करियर की बात करें, तो श्रीसंत ने 27 टेस्ट मैचों में 87 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा 53 वनडे मैचों में 75 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, टी20 इंटरनेशनल में उनके नाम 10 मैचों में 7 विकेट दर्ज हैं.