Home > क्रिकेट > क्या है ICC हॉल ऑफ फेम? जिसमें शामिल होने जा रहे ‘दादा’, कितने भारतीय खिलाड़ियों को मिला ये सम्मान

क्या है ICC हॉल ऑफ फेम? जिसमें शामिल होने जा रहे ‘दादा’, कितने भारतीय खिलाड़ियों को मिला ये सम्मान

Sourav Ganguly ICC Hall of Fame: भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान और बल्लेबाज सौरव गांगुली को बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरव गांगुली को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाएगा. जानें इसका क्या मतलब है...

By: Ankush Upadhayay | Last Updated: July 8, 2026 7:31:31 PM IST



Sourav Ganguly ICC Hall of Fame: भारत के सबसे महान कप्तानों में शुमार सौरव गांगुली आज यानी 8 जुलाई को अपना 54वां बर्थडे मना रहे हैं. इस खास मौके पर क्रिकेट जगत से सौरव गांगुली को जन्मदिन की ढेरों बधाइयां मिलीं. इस बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भी सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) को खास सम्मान देने का फैसला किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिकेट में सौरव गांगुली के बड़े योगदान को देखते हुए उन्हें ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाएगा.

इससे पहले भी कई भारतीय खिलाड़ियों को ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है. हालांकि आज भी कुछ फैंस के मन में सवाल है कि आखिर ICC हॉल ऑफ फेम क्या होता है? अभी तक कितने भारतीयों को यह सम्मान मिल चुके है. जानिए इन सभी सवालों के जवाब…

क्या होता है ICC हॉल ऑफ फेम?

आईसीसी हॉल ऑफ फेम क्रिकेट जगत के सबसे बड़े सम्मानों में से एक है. साल 2009 में शुरू किए गए यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने क्रिकेट में अपने बेहतरीन प्रदर्शन से खेल में विशेष योगदान किया है. आसान शब्दों में कहें, तो यह एक ऐसी सम्मान सूची है, जिसमें सिर्फ उन खिलाड़ियों को जगह मिलती है जिन्होंने अपने पूरे करियर में चमत्कारी प्रदर्शन किया हो और क्रिकेट की दुनिया पर अपनी गहरी छाप छोड़ी हो. बता दें कि किसी भी खिलाड़ी को इस खास लिस्ट में शामिल होने के लिए क्रिकेट से रिटायरमेंट लिए कम से कम 5 साल होने जरूरी हैं.

ये भी पढ़ें: जब हरभजन सिंह, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ को आया गुस्सा, सौरव गांगुली पर जमकर बरसे, कप्तानी छोड़ने को तैयार हुए दादा

कितने भारतीय को मिला यह सम्मान?

अभी तक भारत की ओर से 11 खिलाड़ियों को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है. इसमें 9 मेंस क्रिकेटर और 2 विमेंस क्रिकेटर्स शामिल हैं. मेंस क्रिकेटर्स की लिस्ट में बिशन सिंह बेदी, सुनील गावस्कर, कपिल देव, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीनू मांकड़, वीरेंद्र सहवाग और महेंद्र सिंह धोनी का नाम शामिल है. वहीं, विमेंस खिलाड़ियों में  एडुल्जी और नीतू डेविड को यह खास सम्मान दिया गया है. अब इस लिस्ट में सौरव गांगुली भी शामिल होने जा रहे हैं, जो यह उपलब्धि हासिल करने वाले 12वें भारतीय खिलाड़ी होंगे. TOI की रिपोर्ट के अनुसार, सौरव गांगुली को जल्द ही आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया जाएगा.

सौरव गांगुली का शानदार करियर

भारत के दिग्गज कप्तान और बल्लेबाज सौरव गांगुली का इंटरनेशनल करियर काफी शानदार रहा. उन्होंने साल 1992 से लेकर 2008 के बीच भारत के लिए कुल 424 मैच (टेस्ट और वनडे) खेले. इस दौरान उनके बल्ले से कुल 18,575 रन आए. इसमें 38 शतक और 107 अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने वनडे में 311 मुकाबलों में 41.02 की औसत से 11,363 रन बनाए. इसके अलावा 113 टेस्ट मैचों में 42.17 की औसत से 7,212  रन बनाए.

Advertisement