West Indies ICC Penalty: वेस्टइंडीज ने 23 सालों बाद श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जीत हासिल की है. 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज ने पहले मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज की थी. इसके बाद एंटीगुआ में खेला गया दूसरे टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया. इसके चलते वेस्टइंडीज ने 1-0 से सीरीज अपने नाम कर ली. इस ऐतिहासिक जीत के बावजूद वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लगा है.
दरअसल, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने स्लो ओवर रेट बनाए रखने के कारण वेस्टइंडीज पर मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया है. इतना ही नहीं, आईसीसी ने वेस्टइंडीज के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) प्वाइंट्स भी काट लिए हैं. यह वेस्टइंडीज के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि वे पहले से ही प्वाइंट्स टेबल में 8वें पायदान पर मौजूद हैं.
क्यों लगाया गया जुर्माना?
ICC की ओर से जारी बयान में कहा गया कि नॉर्थ साउंड (एंटीगुआ और बारबुडा) में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित समय में दो ओवर कम फेंकने का दोषी पाई गई. समय की छूट को ध्यान में रखने के बाद भी टीम लक्ष्य से पीछे रही. इस वजह से मैच फीस का 10 फीसदी जुर्माना लगाया गया है. साथ ही मौजूदा WTC साइकिल में टीम के 2 प्वाइंट्स भी काट लिए गए हैं. यह सजा आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने सुनाई, जिसे वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने स्वीकार कर लिया.
ये भी पढ़ें: WTC Points Table: WI-SL टेस्ट ड्रॉ से बदली प्वाइंट्स टेबल की तस्वीर! बांग्लादेश से भी खराब भारत की हालत
बता दें कि आईसीसी (ICC) के प्लेयर्स और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के अनुसार न्यूनतम ओवर रेट से जुड़े मामलों में निर्धारित समय से कम फेंके गए प्रत्येक ओवर के लिए खिलाड़ियों की मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है. इस नियम के तहत अधिकतम जुर्माना मैच फीस का 50 प्रतिशत तक हो सकता है. वेस्टइंडीज की टीम दो ओवर कम रही, इसलिए टीम पर कुल 10 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया.
WTC प्वाइंट्स टेबल में वेस्टइंडीज का हाल
ICC द्वारा WTC की मौजूदा साइकिल में 2 प्वाइंट्स काटने के बाद वेस्टइंडीज के पास सिर्फ 18 अंक बचे हैं, जबकि उनका जीत प्रतिशत (PCT) 15 हो गया है. वेस्टइंडीज ने इस WTC साइकिल में कुल 10 मैच खेले हैं, जिनमें सिर्फ 1 जीत मिली है. इसके अलावा बाकी 7 मैचों में हार मिली है, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे हैं. इस खराब प्रदर्शन के चलते वेस्टइंडीज WTC 2027 के प्वाइंट्स टेबल में 8वें पायदान पर है. वहीं भारतीय टीम की बात करें, तो वो इस प्वाइंट्स टेबल में 5वें नंबर पर बने हुए हैं. बता दें कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलने के लिए भारतीय टीम को टॉप-2 में जगह बनानी होगी.