Home > क्रिकेट > IND vs AFG: टीम इंडिया में कौन लेगा विराट कोहली की जगह? 1-2 नहीं, 4 दावेदार, जानें कौन बेहतर?

IND vs AFG: टीम इंडिया में कौन लेगा विराट कोहली की जगह? 1-2 नहीं, 4 दावेदार, जानें कौन बेहतर?

Virat Kohli Replacement: विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. ऐसे में उनकी जगह लेने के लिए कई दावेदार खिलाड़ियों के नाम सामने आए हैं. जानें कौन ले सकता है कि कोहली की जगह...

By: Ankush Upadhayay | Published: June 4, 2026 1:24:56 PM IST



Virat Kohli Replacement: IPL 2026 खत्म होने के बाद टीम इंडिया के लिए बुरी खबर सामने आई है. भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली चोटिल हो गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू हो रही वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. ऐसे में फैंस को विराट कोहली (Virat Kohli) को टीम इंडिया की जर्सी में देखने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा. रिपोर्ट के अनुसार, विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं.

हालांकि अभी तक बीसीसीआई ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे, तो फिर उनकी जगह कौन लेगा. फिलहाल कोहली की जगह लेने के लिए कुल 4 बड़े दावेदार रेस में चल रहे हैं.

यशस्वी जायसवाल

भारत के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं. यशस्वी जायसवाल पिछले कुछ समय से भारत की वनडे टीम का हिस्सा थे. उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में शतक भी लगाया था. हालांकि जायसवाल को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए नहीं चुना गया है. जायसवाल ने साल 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था. उन्होंने अभी तक भारत के लिए 4 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उनके बल्ले से 171 रन आए हैं. इसमें 1 शतक भी शामिल है. यशस्वी जायसवाल भारतीय टीम में विराट कोहली जगह ले सकते हैं. कोहली के अलावा रोहित शर्मा के खेलने पर भी सस्पेंस बना हुआ है. ऐसे में जायसवाल रोहित शर्मा की जगह भी ले सकते हैं.

ऋतुराज गायकवाड़

इस लिस्ट में अगला नाम ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) का है. गायकवाड़ आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं. उन्होंने भारत के लिए साल 2022 में वनडे डेब्यू किया था. हालांकि उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले. गायकवाड़ ने भारत के लिए 9 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उनके बल्ले से 228 रन आए हैं. इसमें 1 शतक और 1 अर्धशतक शामिल है. बता दें कि गायकवाड़ को हाल ही में इंडिया ए की स्क्वाड में चुना गया है. ऐसे में सवाल है कि क्या बीसीसीआई गायकवाड़ को भारत की सीनियर टीम में मौका देगा.

देवदत्त पडिक्कल

IPL में विराट कोहली साथी खिलाड़ी देवदत्त पडिक्कल भी टीम इंडिया के लिए वनडे सीरीज में अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं. पडिक्कल ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया. इससे पहले उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में अपने बल्ले से तबाही मचाई थी. पडिक्कल ने इस घरेलू टूर्नामेंट में 9 मैचों में 90.62 की औसत के साथ 725 रन बनाए थे. इस दौरान पडिक्कल के बल्ले से 4 शतक आए. देवदत्त पडिक्कल ने अभी तक भारत के लिए वनडे में डेब्यू नहीं किया है.

साईं सुदर्शन

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल के साथी खिलाड़ी साईं सुदर्शन (Sai Sudharsan) का नाम भी इस रेस में शामिल है. साईं सुदर्शन ने आईपीएल 2026 में 700 से ज्यादा रन बनाए हैं. उन्होंने भारत के लिए साल 2023 में अपना वनडे डेब्यू किया था. वह अभी तक भारत के लिए सिर्फ 3 वनडे मैच खेल पाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से 63.5 की औसत के साथ 127 रन आए हैं.

Advertisement