Virat Kohli record against GT: आईपीएल 2026 के महामुकाबले का मंच पूरी तरह सज चुका है. दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) की टीमें अपने दूसरे आईपीएल खिताब के लिए आमने-सामने होंगी. इस खिताबी भिड़ंत में हमेशा की तरह सबसे ज्यादा नजरें विराट कोहली पर टिकी हैं, जो इस सीजन में भी आरसीबी के लिए सबसे बड़े संकटमोचक बनकर उभरे हैं.
GT के खिलाफ कोहली का ‘विराट’ रिकॉर्ड
गुजरात टाइटंस के खिलाफ रन बनाने के मामले में विराट कोहली का कोई सानी नहीं है. इस फ्रेंचाइजी के खिलाफ कोहली का बल्ला जमकर बोलता है. अब तक खेली गई 9 पारियों में विराट ने 71.85 की बेमिसाल औसत और 153.82 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 503 रन कूटे हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 4 अर्धशतक और साल 2023 में निकली एक यादगार शतकीय पारी भी शामिल है.
गुजरात के खिलाफ विराट कोहली का मैच-दर-मैच प्रदर्शन
लगातार 4 सीजन में 600+ रन
इसी हफ्ते खेले गए क्वालीफायर-1 में भी गुजरात के खिलाफ विराट का जलवा बरकरार रहा. इस मैच में उन्होंने टाइटंस के खिलाफ अपने 500 रन पूरे किए. साथ ही, इसी पारी के दौरान उन्होंने आईपीएल इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया; वह लगातार चार सीजन में 600 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.
विराट कोहली इस सीजन में आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 15 पारियों में 50 की औसत और 164.38 के शानदार स्ट्राइक रेट से 600 रन बनाए हैं. अब आरसीबी लगातार दूसरा आईपीएल खिताब जीतने से महज एक कदम दूर है, ऐसे में कोहली अपनी पसंदीदा टीम के खिलाफ इस लय को बरकरार रखना चाहेंगे. वहीं, गुजरात टाइटंस के लिए खिताबी ट्रॉफी उठाने का रास्ता विराट कोहली को जल्दी आउट करने से ही होकर गुजरेगा.
