इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के खिताबी मुकाबले के बाद अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से एक बेहद ही खूबसूरत और दिल छू लेने वाली तस्वीर सामने आई. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को चैंपियन बनाने वाले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली मैच के बाद इस सीजन के सबसे बड़े ‘सनसनी’ रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी से खास बातचीत करते नजर आए. खुद कई बार ऑरेंज कैप अपने नाम कर चुके विराट ने अपनी आंखों के सामने इस युवा खिलाड़ी को इस सीजन की ऑरेंज कैप उठाते देखा, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 776 रन कूट डाले.
एक ऐसा लंबा और थका देने वाला सीजन, जहां हर मैच में 200+ का स्कोर और गगनचुंबी छक्के देखने को मिले, उसके खत्म होने के बाद विराट कोहली ने राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज को बेहद सिंपल और सटीक सलाह दी.
RCB ने अपने सोशल मीडिया पर नरेंद्र मोदी स्टेडियम का एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में विराट इस उभरते हुए सितारे को यह समझाते दिख रहे हैं कि इस कामयाबी को सिर पर नहीं चढ़ने देना है, बल्कि लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की भूख बनाए रखनी है.
‘एक बिहारी सब पे भारी…’
IPL सीजन की शुरुआत से ही वैभव सूर्यवंशी सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी को देखकर भारत के कई दिग्गज पूर्व क्रिकेटरों ने तो उन्हें तुरंत टीम इंडिया की T20 टीम में शामिल करने तक की वकालत कर दी है. हालांकि, विराट कोहली चाहते हैं कि यह युवा ओपनर अभी आसपास के इस शोर-शराबे से दूर रहे और सिर्फ अपने खेल पर फोकस करे.
वीडियो में कोहली वैभव से कहते नजर आ रहे हैं, ‘यहाँ से ऊपर जाना है. जो हुआ है वो अच्छी मेहनत की वजह से, आत्मविश्वास की वजह से हुआ है. अभी कौन क्या बोल रहा है, कैसे बोल रहा है… नहीं सुनना है. एक बिहारी सब पे भारी, फिर खतम गेम.’
𝗧𝗵𝗲 𝗺𝗮𝗻 𝘄𝗵𝗼 𝗺𝗮𝗱𝗲 𝗜𝗻𝗱𝗶𝗮𝗻 𝗰𝗿𝗶𝗰𝗸𝗲𝘁 𝗳𝗲𝗮𝗿𝗹𝗲𝘀𝘀 🤝 𝘁𝗵𝗲 𝗯𝗼𝘆 𝘄𝗵𝗼 𝗯𝗮𝘁𝘀 𝗳𝗲𝗮𝗿𝗹𝗲𝘀𝘀 🫶💪
The best piece of advice the 15-year old Vaibhav Suryavanshi could get! And who better than Virat Kohli to help fuel his fire in the right direction.… pic.twitter.com/MUqCRBo0la
— Royal Challengers Bengaluru (@RCBTweets) June 3, 2026
वैभव ने बल्ले से मचाई तबाही
भले ही विराट कोहली की RCB ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम कर ली हो, लेकिन इस सीजन के लगभग सारे व्यक्तिगत अवॉर्ड्स 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की झोली में ही गए.
इस सीजन में वैभव के बल्ले से जो रिकॉर्ड्स निकले, उन्हें देख क्रिकेट जगत हैरान है, वैभव ने पूरे सीजन में 72 छक्के जड़े, जो आईपीएल के किसी भी एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. उन्होंने 48.50 की लाजवाब औसत और 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट के साथ कुल 776 रन बनाए. वैभव दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिसने किसी भी टी20 टूर्नामेंट के सिंगल सीजन में अकेले पावरप्ले के दौरान ही 500 से ज्यादा रन ठोक दिए.