Virat Kohli on Amanpreet Gill Death: पंजाब के पूर्व तेज गेंदबाज अमनप्रीत गिल के निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है. भारत के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेल चुके अमनप्रीत गिल ने 36 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. अमनप्रीत गिल के आकस्मिक निधन की खबर से भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली भी सदमे में हैं. विराट कोहली और अमनप्रीत गिल ने भारत के लिए अंडर-19 में एक साथ क्रिकेट खेला था. ऐसे में साथी क्रिकेटर के निधन से विराट कोहली को गहरा धक्का लगा है. विराट कोहली ने अपने क्रिकेटर दोस्त को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा है. कोहली ने ‘एक्स’ पर लिखा कि अमनप्रीत गिल के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा है.
कोहली ने लिखा भावुक पोस्ट
विराट कोहली अपने साथी क्रिकेटर को याद करते हुए लिखा, ‘अमनप्रीत गिल के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा है. उनके परिवार और प्रियजनों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं. उनकी आत्मा को शांति मिले. ओम शांति.’ बता दें कि अमनप्रीत गिल के निधन की खबर मिलते बुधवार (6 मई) को आई थी. अमनप्रीत और विराट कोहली काफी अच्छे दोस्त थे.
Shocked and saddened to hear about Amanpreet Gill’s passing. Sending prayers and strength to his family and loved ones. Rest in peace. Om Shanti 🙏
— Virat Kohli (@imVkohli) May 7, 2026
युवराज सिंह और शिखर धवन ने भी दी श्रद्धांजलि
अमनप्रीत गिल के निधन पर भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह और शिखर धवन ने भी श्रद्धांजलि दी है. युवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘अमनप्रीत सिंह गिल के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ. हमने शुरुआती दिनों में ड्रेसिंग रूम साझा किया था, वह एक शांत और मेहनती क्रिकेटर थे जिन्हें खेल से बहुत लगाव था. उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं.’ वहीं, शिखर धवन ने लिखा, ‘पंजाब के पूर्व क्रिकेटर अमनप्रीत सिंह गिल के इतने कम उम्र में निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ. उनके परिवार, मित्रों और उन्हें जानने वाले सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं. ओम शांति.’
अमनप्रीत गिल का करियर
पूर्व तेज गेंदबाज अमनप्रीत गिल ने विराट कोहली और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ियों के साथ भारतीय अंडर-19 टीम के साथ खेला था. अमनप्रीत गिल ने पंजाब के लिए 6 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 11 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा अमनप्रीत गिल आईपीएल के पहले सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब का हिस्सा भी रहे हैं. हालांकि वह आईपीएल में नहीं खेल पाए. साथ ही उन्हें भारत की सीनियर टीम के लिए भी खेलने का मौका नहीं मिला.