Home > खेल > Virat Kohli Fitness: 38 की उम्र में भी चीते जैसी फुर्ती! विराट कोहली खुद को कैसे रखते हैं फिट, क्या है उनका फिटनेस मंत्र?

Virat Kohli Fitness: 38 की उम्र में भी चीते जैसी फुर्ती! विराट कोहली खुद को कैसे रखते हैं फिट, क्या है उनका फिटनेस मंत्र?

Virat Kohli Fitness: दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली आज (5 नवंबर) को 38 साल के हो गए हैं. जिस उम्र में ज्यादातर क्रिकेटर्स रिटायर हो जाते हैं, उस उम्र में विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में धमाल मचा रहे हैं. आज भी वह फिटनेस के मामले में युवा खिलाड़ियों को टक्कर देते हैं.

By: Ankush Upadhayay | Last Updated: November 5, 2026 12:05:00 PM IST



Virat Kohli Fitness | Virat Kohli Birthday: भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली आज 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं. 38 साल की उम्र में भी विराट कोहली दुनिया के सबसे फिट क्रिकेटर्स में गिने जाते हैं. आज के समय में भी क्रिकेट के मैदान पर विराट कोहली के अंदर वही फुर्ती दिखाई देती है, जो एक युवा खिलाड़ी के अंदर होती है. वह आज भी भारतीय टीम के सबसे बेहतरीन फील्डर्स में शुमार हैं. विराट कोहली के फिटनेस की अक्सर चर्चा होती रहती है. दुनिया के युवा खिलाड़ी विराट कोहली को फिटनेस के मामले में अपना रोल मॉडल मानते हैं. कोहली ने युवा खिलाड़ियों के अंदर फिटनेस का ऐसा जोश भर दिया है, जो शायद पहले कोई नहीं कर पाया. हालांकि विराट कोहली ऐसा क्या करते हैं, जो 38 साल की उम्र में भी इतने ज्यादा फुर्तीले हैं? आखिरी विराट कोहली की फिटनेस का राज क्या है? आइए जानते हैं…

विराट कोहली का फिटनेस मंत्र

विराट कोहली (Virat Kohli) की फिटनेस के पीछे कोई जादुई डाइट या कठिन एक्सरसाइज नहीं है, बल्कि इसके पीछे उनकी सालों के मेहनत, अनुशासन और अच्छा खानपान है. एक समय पर विराट कोहली खाने-पीने के बहुत शौकीन थे. हालांकि बाद में उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव किया और अपनी आदतों को भी बदला. उन्होंने अपनी डाइट बदली, जिम में समय बढ़ाया और फिटनेस को अपनी रोजाना जिंदगी का हिस्सा बना लिया. अब विराट कोहली की डाइट काफी ज्यादा बैलेंस है. वह अपने खाने में पोषण और शरीर की जरूरतों पर खास ध्यान देते हैं. जानें उनकी डाइट में क्या-क्या…

विराट कोहली का डाइट प्लान

38 साल के विराट कोहली ने जिम में पसीना बहाने के साथ ही खाने-पीने की आदतों को बदलने का भी काम किया है. करियर की शुरुआत में विराट कोहली तला-भुना हुआ और मसालेदार खाना पसंद करते थे. हालांकि बाद में उन्होंने अपनी फिटनेस को प्राथमिकता देने के लिए इस तरह के खाने से दूरी बना ली. जुलाई 2026 में पब्लिश एक रिपोर्ट में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व शेफ अरुण चौहान ने बताया था कि विराट पहले खाने के काफी शौकीन थे. उन्हें ऑयली खाना पसंद था.

बाद में उन्होंने अपनी फिटनेस पर ध्यान देना शुरू किया. अब उनके खाने में टोफू, सलाद, स्प्राउट्स और दाल जैसी चीजें शामिल रहती हैं. इसके अलावा विराट कोहली ने खुद भी कई इंटरव्यू में बताया है कि फिट रहने के लिए सही खानपान बेहद जरूरी है. कोहली के अनुसार, जिम में सिर्फ मेहनत करने से फिटनेस हासिल नहीं होती, बल्कि खाने की आदतों में सुधार करना पड़ता है.

क्या खाना पसंद करते हैं कोहली?

विराट कोहली अब ज्यादा तेल-मसाले वाला खाना पसंद नहीं करते हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके करीब 90 फीसदी खाने में स्टीम्ड और बॉयल्ड यानी भाप में पका या उबला हुआ भोजन शामिल रहता है. वह खाने में मसालों का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करते हैं. वहीं, स्वाद के लिए नमक, काली मिर्च और नींबू का इस्तेमाल करते हैं. खासकर सलाद खाना विराट कोहली को काफी पसंद है. इतना ही नहीं, विराट कोहली की डाइट में पैन-ग्रिल्ड खाना भी रहता है. एक इंटरव्यू में कोहली ने बताया था कि वह राजमा और लोबिया जैसी चीजें भी खाते हैं.

शाकाहारी डाइट लेते हैं विराट कोहली

विराट कोहली ने पिछले कुछ सालों में अपने खाने-पीने में काफी बदलाव किए हैं. साल 2018 के आसपास उन्होंने शाकाहारी खानपान को प्राथमिकता देना शुरू किया. साल 2021 में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि वह शाकाहारी हैं, वीगन नहीं. वीगन डाइट में दूध, दही, पनीर और अंडे जैसे सभी पशु-आधारित खाद्य पदार्थ शामिल नहीं होते. विराट ने अपने खानपान के बारे में बताया कि वो सब्जियां, दाल, क्विनोआ और पालक पसंद करते हैं. कोहली ने यह भी बताया था कि वह 2 कप कॉफी पीते हैं और खाने में डोसा काफी पसंद करते हैं. हालांकि इन सभी चीजों को भी वो सीमित मात्रा में इस्तेमाल करते हैं.

जिम में कितनी एक्सरसाइज करते हैं कोहली?

विराट कोहली डाइट के अलावा जिम में भी काफी पसीनी बहाते हैं. वो एक्सरसाइज और ट्रेनिंग को खूब ध्यान देते हैं. विराट कोहली की ट्रेनिंग में स्ट्रेंथ सेशन, कार्डियो, फुर्ती बढ़ाने वाली एक्सरसाइज और स्टैमिना से जुड़ी एक्सरसाइज शामिल होती हैं. स्ट्रेंथ ट्रेनिंग में शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए वजन उठाने और दूसरी ताकत बढ़ाने वाली एक्सरसाइज की जाती हैं. इससे शरीर की ताकत और सहनशक्ति बेहतर होती है.

वहीं, कार्डियो एक्सरसाइज में दौड़ना और दूसरी एरोबिक गतिविधियां होती हैं, जो दिल की सेहत और स्टैमिना को बेहतर बनाने में मदद करती हैं. इसके अलावा वो जंपिंग, हॉपिंग और एगिलिटी ड्रिल्स जैसी एक्सरसाइज करते हैं, जो जिससे उनके शरीर में फुर्ती आती है. इन सभी के बाद वो रिकवरी के लिए खुद को आराम भी देते हैं. विराट कोहली का मानना है कि वो अपनी नींद और शरीर की जरूरतों को कभी नजरअंदाज नहीं करते हैं.

Advertisement