Home > क्रिकेट > IPL Final 2026: गिल और सुदर्शन का विकेट गिरते ही कोहली के एग्रेसिव जश्न ने लूटी महफिल, देखें हैरान करने वाला VIDEO

IPL Final 2026: गिल और सुदर्शन का विकेट गिरते ही कोहली के एग्रेसिव जश्न ने लूटी महफिल, देखें हैरान करने वाला VIDEO

IPL Final 2026: गिल और सुदर्शन का विकेट गिरते ही मैदान पर फूटा विराट कोहली का जबरदस्त गुस्सा, भुवी को गोद में उठाया; देखें जश्न का यह वायरल Video...

By: Shivani Singh | Published: May 31, 2026 10:00:01 PM IST



Virat Kohli aggressive Celebration : आईपीएल 2026 के खिताबी मुकाबले में एक बार फिर विराट कोहली का वही पुराना, चिर-परिचित आक्रामक अंदाज देखने को मिला. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले जा रहे इस फाइनल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) पर शुरुआत से ही शिकंजा कसना शुरू कर दिया.

गेंद से असली कमाल तो जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने दिखाया, लेकिन शुभमन गिल और साई सुदर्शन के आउट होने के बाद विराट कोहली ने जिस तरह मैदान पर जश्न मनाया, उसने सोशल मीडिया पर फैंस के बीच तहलका मचा दिया. आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और पूर्व कप्तान कोहली मैच की पहली गेंद से ही बेहद जोश में नजर आ रहे थे.

शुभमन गिल आउट हुए, तो दहाड़ उठे विराट

आरसीबी को पहली बड़ी कामयाबी तीसरे ओवर में मिली, जब हेजलवुड ने गुजरात के कप्तान शुभमन गिल (8 गेंदों में 10 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखाया. ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज हेजलवुड की एक शॉर्ट-ऑफ-लेंथ गेंद गिल के लिए थोड़ी मुश्किल साबित हुई. गिल ने अपने पसंदीदा ‘शॉर्ट-आर्म पुल’ शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर ठीक से आई नहीं और मिड-ऑफ पर खड़े रजत पाटीदार ने एक बेहद आसान सा कैच लपक लिया.

कैच पकड़ते ही विराट कोहली का उत्साह देखने लायक था. वह पूरी ताकत से हवा में मुक्के लहराते और दहाड़ते हुए नजर आए. गिल का विकेट आरसीबी के लिए कितनी बड़ी कामयाबी थी, यह विराट के इस आक्रामक जश्न से साफ समझा जा सकता था, क्योंकि अहमदाबाद के मैदान पर गिल का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है.

सुदर्शन भी लौटे पवेलियन, विराट ने भुवी को गोद में उठाया

अभी गुजरात इस झटके से संभल भी नहीं पाई थी कि अगले ही ओवर में अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने एक और तगड़ा झटका दे दिया. इस सीजन में गुजरात के लिए लगातार रन बना रहे साई सुदर्शन, भुवी की एक सरप्राइज बाउंसर पर गच्चा खा गए. सुदर्शन ने पुल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद टॉप-एज लेकर शॉर्ट फाइन लेग की तरफ हवा में उठ गई. विकेटकीपर जितेश शर्मा ने फुर्ती दिखाते हुए दौड़कर एक बेहतरीन कैच लपका.

सुदर्शन के आउट होते ही विराट कोहली खुद को रोक नहीं पाए. वह तुरंत दौड़ते हुए भुवनेश्वर कुमार के पास पहुंचे, उन्हें गले लगाया और फिर जोश में आकर भुवी को गोद में उठा लिया. इन दो लगातार झटकों ने पावरप्ले के अंदर ही गुजरात टाइटंस की कमर तोड़ दी और बेंगलुरु को वैसी ही धमाकेदार शुरुआत मिल गई, जैसी वे इस बड़े मुकाबले में चाहते थे.

आरसीबी ने क्वालीफायर-1 में गुजरात को हराने वाली अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया था. वैसे तो यह गुजरात का होम ग्राउंड है, लेकिन पूरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सिर्फ विराट कोहली की 18 नंबर की जर्सी का ही सैलाब नजर आ रहा था. जहां एक तरफ गेंदबाजों ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ से मैच पर पकड़ बनाई, वहीं कोहली के इस मैदान पर दिखे गजब के कमिटमेंट और जुनून ने यह साफ कर दिया कि आरसीबी इस बार अपना खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरी है.

Advertisement