Home > खेल > न 55 शतक, न कोई रिकॉर्ड… विराट कोहली के दिल में बसी है 43 रन की ये पारी, खुद बताया करियर की बेस्ट इनिंग

न 55 शतक, न कोई रिकॉर्ड… विराट कोहली के दिल में बसी है 43 रन की ये पारी, खुद बताया करियर की बेस्ट इनिंग

Virat Kohli Best ODI Innings: विराट कोहली ने वनडे इंटरनेशनल में कई ऐतिहासिक पारियों खेली हैं. उन्होंने वनडे में सबसे ज्यादा 55 शतक लगाए हैं. हालांकि इन सभी के बावजूद विराट कोहली 43 रन की एक पारी को अपने करियर की बेस्ट इनिंग बताते हैं.

By: Ankush Upadhayay | Published: November 5, 2026 12:55:42 PM IST



Virat Kohli Best ODI Innings: भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) आज 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं. विराट कोहली ने साल 2008 में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इसके बाद से लेकर आज तक वो भारतीय टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ बने हुए हैं. इस दौरान उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में जमकर रन बनाए और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी. खासकर वनडे क्रिकेट में विराट कोहली दुनिया के बेस्ट बल्लेबाज माने जाते हैं. उन्होंने वनडे में कई ऐतिहासिक पारियां खेली हैं.

पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के मैच में 183 रनों की तूफानी पारी से लेकर श्रीलंका के खिलाफ 133 रनों की धमाकेदार पारी उनके करियर की बेहतरीन पारियों में गिनी जाती हैं. इसके अलावा कोहली ने ऐसी कई अनगिनत पारियां खेली हैं, जो भारतीय फैंस के दिलों में बसती हैं. हालांकि जब कोहली के वनडे करियर की फेवरेट इनिंग के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने एक खास पारी को अपना पसंदीदा बताया.

कोहली के करियर की बेस्ट वनडे इनिंग

स्टार स्पोर्ट्स के ‘दिस और दैट’ के क्विज में विराट कोहली के बर्थडे पर उनसे उनके वनडे करियर की बेस्ट पारी चुनने के लिए कहा गया. सबसे पहले उनके सामने होबार्ट में साल 2012 में ट्राई सीरीज के दौरान श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 133 रन और साल 2011 वर्ल्ड कप में 35 रन का ऑप्शन दिया गया. इसमें तुरंत कोहली ने विश्व कप की 35 रन की पारी को चुना. इसके बाद कोहली को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 में चेन्नई में बनाए गए 85 रन, इंग्लैंड के खिलाफ पुणे में 2017 में 122 रन और साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में 2018 में बनाए गए 160 रनों की पारी का ऑप्शन दिया गया, लेकिन विराट कोहली 2011 वर्ल्ड कप की 35 रनों की पारी को ही चुना.

43 रन की पारी को बताया फेवरेट

इसके बाद जब विराट कोहली के सामने साल 2013 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के दौरान उनकी 43 रनों की पारी आई, तो उन्होंने इसी पारी को चुना. यह पारी विराट कोहली के दिल के काफी करीब है. दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ इस मुकाबले में शिखर धवन 31 रन बनाकर आउट हो गए थे, जिसके बाद पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई थी. हालांकि विराट कोहली एक छोर पर टिके हुए थे. उन्होंने 43 रनों की पारी खेली, जिससे भारत ने 129 का स्कोर बनाया. भारत ने यह फाइनल 5 रनों से जीता था.

ये भी पढ़ें: Virat Kohli Fitness: 38 की उम्र में भी चीते जैसी फुर्ती! विराट कोहली खुद को कैसे रखते हैं फिट, क्या है उनका फिटनेस मंत्र?

शतकों से भी आगे 43 रन की पारी

बाद में विराट कोहली को पाकिस्तान के खिलाफ उनकी 183 रनों की पारी, साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2015 में 138 रन और 2015 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 107 रन की पारी का ऑप्शन भी आया. हालांकि विराट कोहली ने 43 रनों की पारी को ही अपने वनडे करियर की बेस्ट इनिंग बताया.

Tags:
Advertisement