Venkatesh Prasad Love Story: भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद आज अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं. साल 1969 में बेंगलुरु में जन्मे वेंकटेश प्रसाद अपने दौर में भारत के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में गिने जाते थे. क्रिकेट के मैदान पर उनकी गेंदबाजी के सामने बड़े-बड़े बल्लेबाजों के पसीने छूट जाते थे, लेकिन असल जिंदगी में वह थोड़े शर्मीले स्वभाव के थे. वह इतने ज्यादा शर्मीले थे कि अपनी वाइफ जयंती को शादी से पहले प्रपोज भी नहीं कर पाए थे. जयंती ने ही पहले वेंकटेश प्रसाद को प्रपोज किया था. इसके बाद उन दोनों ने शादी की थी. वेंकटेश प्रसाद अपनी शादी को लेकर खूब चर्चा में आए थे, क्योंकि वह जयंती से 9 साल छोटे हैं. पढ़ें पूर्व गेंदबाज की लव स्टोरी…
तलाकशुदा महिला से रचाई शादी
पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने खुद की उम्र से 9 साल बड़ी जयंती से शादी रचाई है. हैरानी की बात यह है कि उनकी वाइफ जयंती का पहले तलाक हो चुका था. ऐसे में जब उन्होंने जयंती से शादी की थी, तो उनकी खूब चर्चा हुई थी. वेंकटेश और जयंती की लव स्टोरी में पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले का भी बड़ा रोल रहा है. दरअसल, अनिल कुंबले ने ही उन दोनों को पहली बार मिलाया था.
कैसे शुरू हुआ लव स्टोरी?
वेंकटेश प्रसाद और जयंती की पहली मुलाकात साल 1994 में हुई थी. अनिल कुंबले ने ही उन दोनों की मुलाकात करवाई थी. दरअसल, उस समय कुंबले टाइटन के ब्रांड एंबेसडर थे, जबकि जयंती इसकी पीआरओ थीं. ऐसे में जयंती और कुंबले एक-दूसरे को जानते थे. पहली मुलाकात में ही वेंकटेश प्रसाद और जयंती अच्छे दोस्त बन गए. इसके बाद धीरे-धीरे उन दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई और फिर मुलाकातें होने लगीं. समय के साथ-साथ उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई. हालांकि वेंकटेश प्रसाद इतने शर्मीले थे कि वे जयंती को प्रपोज नहीं कर पा रहे थे. एक इंटरव्यू में वेंकटेश ने खुद बताया कि जयंती ने ही उन्हें पहले प्रपोज किया था.
कब रचाई शादी?
जयंती के प्रपोज करने के बाद उन दोनों ने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट किया. इसके बाद उन दोनों ने शादी करने का फैसला किया, लेकिन उसके लिए परिवार राजी नहीं था. दरअसल, जयंती तलाकशुदा थीं और वेंकटेश से उम्र में 9 साल बड़ी भी थीं. ऐसे में पहले उनके परिवार ने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया, लेकिन वेंकटेश ने अपने परिवार को मना लिया. फिर 22 अप्रैल 1996 को वेंकटेश और जयंती ने सात फेरे लिए और शादी के बंधन में बंध गए.
वेंकटेश प्रसाद का करियर
वेंकटेश प्रसाद ने भारत के लिए 33 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 96 विकेट चटकाए. वहीं, वनडे में उन्होंने 161 मैचों में 196 विकेट हासिल किए. इसके अलावा फर्स्ट क्लास में उनके नाम 123 मैचों में 361 विकेट दर्ज हैं.