Home > क्रिकेट > मैदान पर रिकॉर्ड, बाजार में कमाई; IPL धमाल मचाने के बाद वैभव सूर्यवंशी की ब्रांड वैल्यू में बंपर उछाल

मैदान पर रिकॉर्ड, बाजार में कमाई; IPL धमाल मचाने के बाद वैभव सूर्यवंशी की ब्रांड वैल्यू में बंपर उछाल

Vaibhav Sooryavanshi IPL 2026: आईपीएल 2026 से पहले वैभव एक ब्रांड डील के लिए करीब 1 करोड़ रुपये चार्ज करते थे.

By: Shubahm Srivastava | Published: June 3, 2026 8:49:56 PM IST



Vaibhav Sooryavanshi Advertisement Fees: महज 13 साल की उम्र में आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाले युवा बल्लेबाज  वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने IPL 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को प्रभावित कर दिया. पहले जहां उनकी चर्चा उम्र को लेकर होती थी, वहीं अब उनकी पहचान एक मैच विनिंग बल्लेबाज के रूप में बन चुकी है. सीजन खत्म होने के बाद उनकी लोकप्रियता और ब्रांड वैल्यू में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला है.

राजस्थान रॉयल्स का बड़ा दांव हुआ सफल

राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी को 1.10 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था. उस समय कई फ्रेंचाइजियां उनकी क्षमता से पूरी तरह परिचित नहीं थीं. लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आज मेगा ऑक्शन हो तो वैभव की कीमत 20 करोड़ रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकती है. राजस्थान रॉयल्स भी उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा मान रही है.

ब्रांड एंडोर्समेंट फीस हुई दोगुनी

आईपीएल 2026 से पहले वैभव एक ब्रांड डील के लिए करीब 1 करोड़ रुपये चार्ज करते थे. उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के साथ इसी रकम पर अनुबंध किए थे. हालांकि सीजन में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद उनकी मांग तेजी से बढ़ी है. अब उनकी एंडोर्समेंट फीस लगभग दोगुनी होकर 2 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां उनके साथ साझेदारी करने में रुचि दिखा रही हैं.

IPL 2026 में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी का IPL 2026 सीजन ऐतिहासिक रहा. उन्होंने 16 पारियों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की. इसके अलावा उन्हें MVP (मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर), इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन और सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन जैसे बड़े पुरस्कार भी मिले. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी पूरे टूर्नामेंट में चर्चा का विषय बनी रही.

छक्कों के मामले में तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड

वैभव ने इस सीजन 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए. प्लेऑफ के दोनों मुकाबलों में वह शतक के बेहद करीब पहुंचे और क्रमशः 97 व 96 रन बनाकर आउट हुए. सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उन्होंने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए और IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे. वैभव का यह प्रदर्शन उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सुपरस्टार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

‘एक बिहारी सब पे भारी…’ वैभव सूर्यवंशी को गले लगाकर क्या बोल गए विराट कोहली? वीडियो हो गया वायरल

Advertisement