Home > खेल > वैभव सूर्यवंशी का जलवा बरकरार! दलीप ट्रॉफी में तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले सबसे छोटे खिलाड़ी बने

वैभव सूर्यवंशी का जलवा बरकरार! दलीप ट्रॉफी में तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले सबसे छोटे खिलाड़ी बने

Vaibhav Sooryavanshi Duleep Trophy Record | Vaibhav Sooryavanshi  New Records: वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी 2026 में इतिहास रचते हुए सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाया. 15 साल 175 दिन की उम्र में उन्होंने लक्ष्मण सिंह का 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए वैभव ने 42 गेंदों में फिफ्टी पूरी की.

By: Satyam Sengar | Last Updated: August 31, 2026 5:02:04 PM IST



Vaibhav Sooryavanshi Duleep Trophy Record | Vaibhav Sooryavanshi  New Records: वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपने नाम के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड जोड़ लिया है. ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच बेंगलुरु में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में वैभव ने शानदार अर्धशतक लगाकर इतिहास रच दिया. बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने महज 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने छक्का लगाकर फिफ्टी पूरी की और इसी के साथ दलीप ट्रॉफी में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

15 साल और 175 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाने वाले वैभव सूर्यवंशी अब दलीप ट्रॉफी इतिहास के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने दिग्गज लक्ष्मण सिंह का 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. लक्ष्मण सिंह ने 1969 में 16 साल और 23 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाया था. वैभव ने पीयूष चावला का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2025 में 16 साल और 307 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी.

कप्तानी का भी मिला मौका
सेमीफाइनल में वैभव ने बल्लेबाजी के अलावा कप्तानी में भी अपनी क्षमता दिखाई. ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन के दाहिनी कलाई पर चोट लगने के बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. इसके बाद वैभव ने करीब एक घंटे तक टीम की कप्तानी संभाली. इस दौरान उन्होंने डीआरएस का सफल इस्तेमाल भी किया. इससे पहले क्वार्टर फाइनल में भी उन्होंने गेंद से शानदार प्रदर्शन किया था.

गेंदबाजी में भी दिखाया दम
नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में वैभव बल्लेबाजी में जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन गेंदबाजी में उन्होंने कमाल किया. उन्होंने बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में दो विकेट लिए और सिर्फ 11 रन दिए. बीसीसीआई के एक वीडियो में वैभव ने कहा कि उन्हें बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी करना भी पसंद है. उन्होंने बताया कि ईशान किशन ने विकेट नहीं गिरने पर उन्हें गेंद थमाई थी. इसके बाद वैभव ने एक ही ओवर में किशन लिंगदोह और इम्लीवाती लेमतुर को आउट कर अपनी गेंदबाजी का दम भी दिखाया.

Advertisement