Home > क्रिकेट > राजस्थान रॉयल्स पर होगी FIR, वैभव सूर्यवंशी बने वजह, बाल श्रम का लग रहा आरोप

राजस्थान रॉयल्स पर होगी FIR, वैभव सूर्यवंशी बने वजह, बाल श्रम का लग रहा आरोप

Vaibhav Suryavanshi Child Labour Case: वैभव सूर्यवंशी की उम्र को लेकर फिर से सवाल शुरू हो गए हैं. सामाजित कार्यकर्ता ने राजस्थान रॉयल्स को एफआईआर की धमकी दी है और कहा है कि इतने छोटे बच्चे को आईपीएल में कैसे खिलाय जा रहा है.

By: Satyam Senger | Last Updated: May 6, 2026 4:13:19 PM IST



Vaibhav Suryavanshi Child Labour Case: महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए युवा बल्लेबाज ने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी कर खुद को टीम के सबसे खतरनाक ओपनर्स में शामिल कर लिया है और दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ भी बिना किसी डर के रन बना रहे हैं. हालांकि मैदान पर उनके शानदार प्रदर्शन के बीच उनकी IPL में भागीदारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है.

सामाजिक कार्यकर्ता सीएम शिवकुमार नायक ने नाबालिग खिलाड़ी को इतनी बड़ी लीग में खिलाने पर सवाल उठाते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ FIR दर्ज कराने की धमकी दी है. एक टीवी डिबेट के दौरान नायक ने आरोप लगाया कि राजस्थान रॉयल्स एक नाबालिग खिलाड़ी का शोषण कर रही है और यह ‘बाल श्रम’ के दायरे में आता है. उन्होंने कहा, “राजस्थान रॉयल्स का यह 15 साल का खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी शोषण का शिकार हो रहा है. यह बाल श्रम के अलावा कुछ नहीं है. इतनी बड़ी लीग में एक नाबालिग बच्चे को कैसे खिलाया जा सकता है?”

क्या IPL में खेलना कानूनी रूप से वैध है?
इस विवाद के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या 15 साल खिलाड़ी का IPL में खेलना भारत के बाल श्रम कानूनों का उल्लंघन है. बाल श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम के अनुसार 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी व्यवसाय में काम पर रखना प्रतिबंधित है, जबकि 14 से 18 वर्ष के किशोरों को केवल खतरनाक व्यवसायों में काम करने से रोका गया है. हालांकि पेशेवर खेलों को कानून के तहत खतरनाक श्रम की श्रेणी में नहीं रखा गया है. युवा खिलाड़ी आमतौर पर अभिभावकों की सहमति, नियामक अनुबंधों और पेशेवर निगरानी के तहत खेलते हैं.

पहले भी कम उम्र में खेल चुके हैं दिग्गज खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी पहले ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जिन्होंने कम उम्र में बड़े मंच पर कदम रखा हो. भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 16 साल की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. इसके अलावा पार्थिव पटेल, मनींदर सिंह और शेफाली वर्मा जैसे खिलाड़ी भी किशोरावस्था में शीर्ष स्तर पर खेल चुके हैं. विवादों के बावजूद सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा बने रहेंगे और शनिवार, 9 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में एक्शन में नजर आ सकते हैं.

ये भी पढ़ें: IPL में PSL जैसा नजारा! जेमी ओवर्टन-ऋतुराज गायकवाड़ ने टपकाया आसान कैच, मैदान पर बना मजाक

Advertisement