Home > क्रिकेट > IND vs ENG: वैभव सूर्यवंशी का नहीं चल रहा जादू, लगातार दूसरे मैच में फ्लॉप, टीममेट ने ही बनाया शिकार

IND vs ENG: वैभव सूर्यवंशी का नहीं चल रहा जादू, लगातार दूसरे मैच में फ्लॉप, टीममेट ने ही बनाया शिकार

Vaibhav Sooryavanshi: इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में भी वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चल पाया. वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में 5 गेंद पर 13 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए. इससे पहले वह डेब्यू मैच में भी सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए थे.

By: Ankush Upadhayay | Published: July 8, 2026 12:40:30 AM IST



IND vs ENG 3rd T20I: 15 साल के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर फैंस का दिल तोड़ दिया है. इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने 5 गेंदों पर 13 रनों की पारी खेली, जिसमें उनके बल्ले से 2 छक्के आए. उन्होंने अपने दूसरे गेंद पर ही जोफ्रा आर्चर को शानदार छक्का लगाकर पारी की शुरुआत की. इसके बाद अगले ओवर में जोश टंग के खिलाफ भी एक सुपर सिक्स लगाया.

यह देखकर फैंस को लगा कि वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) इस मुकाबले में बड़ी पारी खेलने वाले हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया. तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने वैभव सूर्यवंशी को अपना शिकार बनाया. सूर्यवंशी अपने आईपीएल के साथी खिलाड़ी आर्चर की गेंद पर विकेटकीपर के हाथ में आसान सा कैच थमा बैठे.

डेब्यू मैच में भी नहीं चला था बल्ला

वैभव सूर्यवंशी ने 4 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इसके साथ ही वह भारत की ओर से इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे. हालांकि उस मुकाबले में भी वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चल पाया था. वैभव सूर्यवंशी ने उस मैच में 10 गेंद पर 14 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 2 छक्के लगाए थे. अब अपने दूसरे इंटरनेशनल मुकाबले में भी वैभव सूर्यवंशी फ्लॉप हो गए हैं.

ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू तो हुआ, लेकिन फिर भी नहीं मिलेगा सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट, जानें क्या हैं BCCI के नियम?

मुश्किल में फंसी टीम इंडिया

भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ (IND vs ENG) तीसरे टी20 मुकाबले में बड़ी मुश्किल में फंस गई है. भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 201 रन बनाए हैं.  इंग्लैंड की ओर से फिल साल्ट ने 74 रन बनाए. उनके अलावा सैम करन ने 41 और जोस बटलर ने 36 रनों की पारी खेली. इसके जवाब में उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही. भारत ने सिर्फ 5 ओवर में 52 रनों के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए हैं. भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 10 और वैभव सूर्यवंशी 13 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद ईशान किशन भी 13 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 5 रन ही बनाए. फिलहाल तिलक वर्मा और हर्षित राणा बल्लेबाजी कर रहे हैं.

Advertisement