ICC T20I Rankings: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय टीम का दबदबा जारी है. मंगलवार (5 मई) को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ताजा टी20 रैंकिंग जारी की. इस रैंकिंग में तीन बार की टी20 वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया पहले नंबर पर कायम है. मार्च में टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रचा था. उस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत दुनिया की पहली ऐसी टीम बनी थी, जिसने अपने घर पर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई थी. इससे पहले साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने यह कारनामा किया था. पिछले 2-3 सालों से भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में अपना जलवा बरकरार रखा है. अब आईसीसी रैंकिंग में भी भारत का डंका बोल रहा है. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों पहले नंबर पर आने के लिए तरस गई हैं.
टॉप-3 में कौन सी टीमें?
ICC की ताजा रैंकिंग में भारत पहले नंबर पर है, जबकि इंग्लैंड दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे पायदान पर है. ICC की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ताजा रैंकिंग में मई 2025 के बाद खेले गए सभी मैचों को 100 प्रतिशत और पिछले दो सालों के मैचों को 50 फीसदी रेटिंग दी गई है. भारतीय टीम ने 275 अंकों के साथ पहले नंबर पर कब्जा जमाया हुआ है. वहीं, इंग्लैंड की टीम 262 प्वाइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है. इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की टीम 258 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर काबिज है.
पाकिस्तान-न्यूजीलैंड का क्या हाल?
टॉप-3 से बाहर की बात करें, तो टी20 रैंकिंग में न्यूजीलैंड चौथे नंबर पर अपनी जगह बनाए हुए है. न्यूजीलैंड के खाते में 247 प्वाइंट हैं. वहीं, साउथ अफ्रीका 244 प्वाइंट्स के साथ 5वें पायदान, पाकिस्तान 240 प्वाइंट्स के साथ छठे नंबर और वेस्टइंडीज 233 प्वाइंट्स के साथ 7वें स्थान पर है. ICC ने बताया कि टी20 रैंकिंग में टॉप-7 की सभी टीमें अपने-अपने स्थान पर जगह बनाए हैं. वहीं, श्रीलंका (221 अंक) को टी20 रेटिंग में 6 अंकों की गिरावट आई है, जिससे वह 9वें पायदान पर पहुंच गया है. इसके अलावा बांग्लादेश 225 प्वाइंट्स के साथ 8वें पायदान पर आ गया है. अफगानिस्तान की टीम 220 प्वाइंट्स के साथ टॉप-10 में सबसे नीचे मौजूद है. इसके बाद जिम्बाब्वे 11वें नंबर और आयरलैंड 12वें नंबर स्थान पर हैं.
भारत ने 3 बार जीता टी20 वर्ल्ड कप
टी20 इंटरनेशनल में भारत ने सालों से अपना दबदबा जारी रखा है. भारत इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम है. भारत ने साल 2007 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब हासिल किया था. इसके बाद साल 2024 और 2026 में लगातार दो बार टी20 विश्व कप अपने नाम किया. अभी तक कोई दूसरी टीम तीन बार यह खिताब हासिल नहीं कर पाई है.