Home > क्रिकेट > Tammy Beaumont: लॉर्ड्स में होगी विदाई… टैमी ब्यूमोंट ने किया संन्यास का एलान, लॉर्ड्स में खेलेंगी आखिरी टेस्ट

Tammy Beaumont: लॉर्ड्स में होगी विदाई… टैमी ब्यूमोंट ने किया संन्यास का एलान, लॉर्ड्स में खेलेंगी आखिरी टेस्ट

Tammy Beaumont Retirement: भारत और इंग्लैंड के बीच 10 से 13 जुलाई तक लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट मैच खेला जाएगा. यह मुकाबला इंग्लैंड की दिग्गज बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट का आखिरी इंटरनेशनल मैच होगा, जिसके बाद वह संन्यास ले लेंगी.

By: Ankush Upadhayay | Published: July 8, 2026 8:09:15 PM IST



Tammy Beaumont Retirement: इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट (Tammy Beaumont) ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया है. 10 जुलाई से भारत और इंग्लैंड के बीच शुरू होने जा रहा एकमात्र टेस्ट मैच उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मुकाबला होगा. यह मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा, जो महिला क्रिकेट के लिए बेहद खास होगा. इसके मुकाबले के बाद टैमी ब्यूमोंट इंटरनेशनल क्रिकेट में दिखाई नहीं देंगी.

टैमी ब्यूमोंट ने साल 2009 में इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया था. अपने 17 साल के शानदार इंटरनेशनल करियर में टैमी ब्यूमोंट ने इंग्लैंड के लिए कई मैच विनिंग पारियां खेलीं और बड़े रिकॉर्ड्स बनाए. 

टैमी ब्यूमोंट ने क्या कहा?

इंग्लैंड की दिग्गज बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट अपने संन्यास का एलान करते हुए काफी भावुक दिखाई दीं. उन्होंने कहा, ‘लगभग 17 सालों तक इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान रहा है. जब एक छोटी बच्ची के रूप में मुझे क्रिकेट से प्यार हुआ था, तब मुझे यह भी नहीं पता था कि इंग्लैंड के लिए खेलना भी कोई विकल्प है. यह सोचना मुझे बहुत खुशी देता है कि इस गर्मी में कितने लड़के और लड़कियां इस खेल से प्रेरित हुए हैं और हमारे देश में क्रिकेट कितनी दूर तक आ गया है.

लॉर्ड्स के मैदान पर होने वाला यह टेस्ट मैच, जो लॉर्ड्स में हमारा पहला महिला टेस्ट है, एक ऐसे करियर को अलविदा कहने के लिए सबसे सही मौका है, जिसके इतने खास होने का सपना मैंने कभी नहीं देखा था.’ इस दौरान ब्यूमोंट ने साफ जाहिर किया है कि इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर होने के बाद भी घरेलू क्रिकेट खेलती दिखाई देंगी.

ये भी पढ़ें: IND W vs ENG W: टीम इंडिया को बड़ा झटका! लॉर्ड्स टेस्ट में नहीं खेलेगी ये स्टार बैटर, जानें वजह

कैसा रहा इंटरनेशनल करियर?

टैमी ब्यूमोंट का इंटरनेशनल करियर काफी शानदार रहा है. उन्होंने अभी तक इंग्लैंड के लिए 260 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके बल्ले से 7,325 रन आए हैं. टैमी ब्यूमोंट ने टेस्ट क्रिकेट में 11 मैचों में 612 रन बनाए हैं. इसके अलावा महिला वनडे में 130 पारियों में 12 शतक की मदद से 4,738 रन बनाए हैं. वहीं, महिला टी20 इंटरनेशनल में टैमी ब्यूमोंट के नाम 93 पारियों में 1,975 रन दर्ज हैं, जिसमें 1 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं.

रिकॉर्ड्स की बात करें, तो टैमी ब्यूमोंट ने साल 2023 में ट्रेंट ब्रिज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए एशेज टेस्ट में 208 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी. वह इंग्लैंड की ओर से टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी हैं. इसके अलावा टैमी ब्यूमोंट इंग्लैंड की ओर से तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाली सिर्फ दूसरी बल्लेबाज हैं. इतना ही नहीं, टैमी ब्यूमोंट के नाम महिला वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा 12 शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है.

इंग्लैंड को जिताया था वर्ल्ड कप

साल 2017 टैमी ब्यूमोंट के करियर में सबसे खास रहा. इस साल उन्होंने इंग्लैंड को अपनी घरेलू सरजमीं पर वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जिताया था. टैमी ब्यूमोंट ने उस विश्व कप में सबसे ज्यादा 410 रन बनाए थे. इस शानदार प्रदर्शन के लिए टैमी ब्यूमोंट को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड भी मिला था.

Advertisement