Home > खेल > सिलेक्टर्स ने पहले किया नजरअंदाज, अब दोबारा बनाने जा रहे कप्तान, सूर्यकुमार यादव की चमकी किस्मत!

सिलेक्टर्स ने पहले किया नजरअंदाज, अब दोबारा बनाने जा रहे कप्तान, सूर्यकुमार यादव की चमकी किस्मत!

Suryakumar Yadav Mumbai Captain: भारत को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव घरेलू क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं. वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे में मुंबई की कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे. बता दें कि इससे पहले सूर्या को मुंबई की रणजी ट्रॉफी में भी जगह तक नहीं दी गई थी.

By: Ankush Upadhayay | Published: November 5, 2026 1:47:41 PM IST



Suryakumar Yadav Mumbai Captain: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव जल्द ही घरेलू क्रिकेट में वापसी करने वाले हैं. सूर्यकुमार यादव को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई की कमान सौंपी जा सकती है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर सिलेक्शन कमेटी ने सूर्या को कप्तान बनाने का फैसला किया है. सूर्यकुमार यादव इन दोनों टूर्नामेंट में मुंबई की कप्तानी करते दिखाई देंगे.

सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने अपनी कप्तानी में भारत को मार्च 2026 में टी20 वर्ल्ड कप में जीत दिलाई थी. विश्व कप जीतने के बावजूद सूर्या को भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया. इसके बाद से ही टीम इंडिया में वापसी की राह तलाश रहे हैं.

सूर्या को क्यों मिली मुंबई की कमान?

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने यह फैसला तब लिया, जब कुछ दिनों पहले ही सूर्या को टीम में शामिल नहीं किया गया था. दरअसल, सूर्यकुमार यादव ने रणजी ट्रॉफी के लिए खेलने की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन सिलेक्टर्स ने उन्हें टीम में शामिल नहीं किया. MCA के सिलेक्टर्स ने हवाला दिया कि सूर्या ने लंबे समय से रेड बॉल क्रिकेट नहीं खेला है. अब व्हाइट बॉल टूर्नामेंट आते ही सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाया जा रहा है. सूर्यकुमार यादव दुनिया के सबसे बेहतरीन टी20 बल्लेबाजों में से एक हैं. यही वजह है कि उन्हें व्हाइट बॉल टूर्नामेंट के लिए मुंबई की टीम का कप्तान बनाया जा रहा है.

कब शुरू होंगे मुकाबले?

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की टीम 14 नवंबर को अपने अभियान की शुरुआत करेगी. मुंबई की टीम एलीट ग्रुप-डी में हैं, जिसमें हैदराबाद, छत्तीसगढ़, गोवा, ओडिशा, उत्तराखंड और विदर्भ भी शामिल हैं. मुंबई की टीम अपना पहला मैच हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक सूत्र ने बताया कि सीनियर सिलेक्शन समिति ने इस सीजन के दोनों सफेद गेंद टूर्नामेंटों के लिए सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाने का फैसला किया है. टीम के चयन से पहले 7 और 9 नवंबर को प्रैक्टिस मैच खेले जाएंगे. 9 नवंबर को ही मुंबई की टीम चुनी जाएगी, जबकि खिलाड़ी 11 नवंबर को कोलकाता के लिए रवाना होंगे.

व्हाइट बॉल क्रिकेट में सूर्या का रिकॉर्ड

36 साल के सूर्यकुमार यादव का व्हाइट बॉल क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड है. उन्होंने टी20 में अभी तक कुल 373 मैच खेले हैं. इसमें उन्होंने 9,729 रन बनाए हैं. इसमें 6 शतक और 65 अर्धशतक शामिल हैं. वहीं, टी20 इंटरनेशनल में सूर्या के नाम 113 मैचों में 3,272 रन दर्ज हैं, जिसमें 4 शतक शामिल हैं. वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में सूर्या के नाम 146 मैच में 3,704 रन दर्ज हैं. सूर्या ने 37 वनडे मैच की 35 पारियों में 773 रन बनाए हैं.

Advertisement